Home मध्य प्रदेश इंदौर में साधु बनकर ठगी: धार्मिक बातों में उलझाया, आशीर्वाद के बहाने...

इंदौर में साधु बनकर ठगी: धार्मिक बातों में उलझाया, आशीर्वाद के बहाने सोने की चेन लेकर फरार

0

( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )

माता-पिता के कष्ट दूर करने का झांसा देकर भभूति दी, चेन लेकर हुआ फरार; लसूड़िया पुलिस ने शुरू की जांच

एनटीवी टाइम न्यूज इंदौर/ लसूड़िया थाना क्षेत्र में साधु के वेश में आए एक बदमाश ने युवक को धार्मिक बातों में उलझाकर उसकी सोने की चेन ठग ली। बदमाश ने युवक को विश्वास दिलाया कि वह उसके माता-पिता के कष्ट दूर कर सकता है। इसके बाद उसने भभूति देने और चेन को आशीर्वाद देने के बहाने युवक की चेन अपने कब्जे में ले ली और मौका पाकर फरार हो गया।

साधु के वेश में मिला था अंजान व्यक्ति

पुलिस के अनुसार ठगी की यह घटना 29 वर्षीय आदित्य जैन के साथ हुई। आदित्य शनिवार को स्कूटर से स्कीम नंबर 78 की ओर से जा रहा था। इसी दौरान सिका स्कूल के पास उसे साधु के वेश में एक व्यक्ति मिला। उसने आदित्य को रोककर थोड़ी दूर जाने के लिए लिफ्ट मांगी। साधु का वेश देखकर आदित्य को उस पर शक नहीं हुआ और उसने उसे अपने स्कूटर पर बैठा लिया।

धार्मिक बातें में अपनी उलझाया

स्कूटर से दोनों आगे बढ़े और स्कीम नंबर 136 के पास पहुंचे। यहां साधु के वेश में मौजूद बदमाश ने आदित्य को रोक लिया। इसके बाद उसने धार्मिक बातें शुरू कर दीं और आदित्य को अपनी बातों में उलझाने लगा। बातचीत के दौरान उसने ऐसा माहौल बनाया कि आदित्य को लगा कि सामने वाला व्यक्ति किसी तरह की धार्मिक साधना या पूजा-पाठ से जुड़ा हुआ है।

माता-पिता के कष्ट दूर हो जाएंगे

बदमाश ने इसके बाद आदित्य को भभूति दी और कहा कि इसे माथे पर लगा लो। इसी दौरान उसने आदित्य की सोने की चेन पर भी नजर डाल ली। बातचीत के बीच उसने चेन अपने हाथ में ले ली। इसके बाद उसने चेन को चूमते हुए आदित्य से कहा कि अब उसके माता-पिता के कष्ट दूर हो जाएंगे। आदित्य को उस समय बदमाश की बातों पर शक नहीं हुआ। बदमाश ने धार्मिक आस्था और माता-पिता से जुड़ी भावनाओं का फायदा उठाकर उसे विश्वास में लिया। कुछ देर बाद जब बदमाश वहां से चला गया, तब आदित्य ने अपनी चेन के बारे में देखा। चेन गायब मिलने पर उसे पूरे घटनाक्रम का अहसास हुआ।

थाने में दी जानकारी

आदित्य ने आसपास तलाश करने की कोशिश की, लेकिन साधु के वेश में आया बदमाश तब तक वहां से निकल चुका था। इसके बाद उसने लसूड़िया थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने पहले भी इसी तरह लोगों को धार्मिक बातों में उलझाकर ठगी की हो सकती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version