Home देश केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की. इसके...

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की. इसके अलावा उन्होंने हरियाणा के सोनीपत में बिहार चुनाव और निफ्टम पर चर्चा की

‘खून का बदला खून से लिया जाएगा, बूंद-बूंद पानी के लिए तरसेगा पाकिस्तान’, बिहार सीएम फेस के सवाल पर जानें क्या बोले चिराग पासवान?

कुंडली में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान (निफ्टम) में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की. उन्होंने कहा कि इस कायराना हरकत के लिए पाकिस्तान को उसकी ही भाषा में जवाब दिया जाएगा.

आतंकवादियों को उन्हीं की भाषा में मिलेगा जवाब

पासवान ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार ने इस हमले के बाद कड़े कदम उठाए हैं, जिसमें सिंधु जल संधि को समाप्त करने का ऐतिहासिक फैसला शामिल है. उन्होंने कहा, “हमारी छह नदियों का 80% पानी पाकिस्तान को जाता था, लेकिन अब उनकी एक-एक बूंद के लिए तरसने की बारी है. हमारे लोगों के खून की हर बूंद का हिसाब लिया जाएगा.”

पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कूटनीतिक रणनीति

पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर कई लोगों की जान ले ली. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया और आतंकवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग तेज हो गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने न केवल सिंधु जल संधि को रद्द किया, बल्कि चार अन्य महत्वपूर्ण कदम उठाए, जिन्होंने वैश्विक मंच पर भारत की कूटनीतिक ताकत को प्रदर्शित किया. इन फैसलों ने पाकिस्तान में बेचैनी बढ़ा दी है. पासवान ने कहा कि भारत ने पहले भी अपने जवानों की शहादत का बदला लिया है और इस बार भी आतंक के आकाओं को बख्शा नहीं जाएगा.

बिहार की राजनीति पर चिराग का विजन: बिहार के आगामी विधानसभा चुनाव पर चिराग पासवान ने कहा कि उनकी प्राथमिकता “पहला बिहारी, पहला बिहार” है. उन्होंने कहा, “मैं बिहार के लिए राजनीति में आया हूं. बिहार में रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की कमी न हो, यही मेरा लक्ष्य है.” मुख्यमंत्री पद के सवाल पर उन्होंने साफ किया कि अभी इस पर विचार नहीं किया गया है, क्योंकि “बिहार में मुख्यमंत्री की वैकेंसी नहीं है.” उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी. साथ ही, उन्होंने केंद्र की राजनीति में लंबे समय तक रहने की इच्छा न होने की बात कही.

निफ्टम की प्रशंसा और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन: निफ्टम में आयोजित “सुलफाम” कार्यक्रम में चिराग पासवान ने संस्थान की कार्यशैली और नवाचार को सराहा. उन्होंने कहा कि निफ्टम जैसे संस्थान खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं. उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया, जिन्होंने देश में एक और निफ्टम संस्थान खोलने की मंजूरी दी. पासवान ने कार्यक्रम में मौजूद स्टार्टअप्स की प्रशंसा की और कहा कि ये युवा उद्यमी भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. उन्होंने निफ्टम के अधिकारियों को भी उनकी मेहनत के लिए बधाई दी.

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version