इंदौर एयरपोर्ट पर यात्री के पैंट में घुसा चूहा. पकड़ने पर काटा. यात्री ने बेंगलुरु पहुंचकर लगवाया रेबीज का इंजेक्शन.
एनटीवी टाइम न्यूज इंदौर/स्वच्छता का सिरमौर इंदौर इन दिनों चूहों के आतंक से परेशान है. चूहे कभी शहर के सबसे बड़े सरकारी और प्रतिष्ठित अस्पताल एमवाय में घुसकर 2 नवजातों को कुतरकर जान ले ले रहे हैं, तो कभी चकाचक चमकते एयरपोर्ट में घुसकर आतंक मचा रहे हैं. अब इंदौर के देवी अहिल्याबाई एयरपोर्ट पर एक यात्री के पैंट में चूहा घुस गया. उसने यात्री को काट भी लिया. इससे ज्यादा हैरानी की बात ये रही की पैसेंजर को एयरपोर्ट पर कोई मेडिकल फैसिलिटी नहीं मिली, जिसकी वजह से उसे बेंगलुरु पहुंचने के बाद इंजेक्शन लगवाना पड़ा.
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को भोपाल के रहने वाले अरुण मोदी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E 6739 से बेंगलुरु जा रहे थे. साथ में उनकी पत्नी भी थी. फ्लाइट को दोपहर 3 बजकर 5 मिनट पर उड़ान भरनी थी. मोदी दंपती करीब 1 बजे एयरपोर्ट पहुंच गए. फ्लाइट में करीब 2 घंटे का समय होने के कारण वे एयरपोर्ट के ग्राउंड फ्लोर पर डिपार्चर हॉल में बैठकर समय होने का इंतजार कर रहे थे.
अरुण वेटिंग हॉल में लगी आरामदायक कुर्सी रिकलाइनर्स पर बैठे थे. इसी दौरान एक चूहा उनकी पैंट में घुस गया. अरुण को जब आभास हुआ तो वो हड़बड़ाकर उठ खड़े हो गए. उन्होंने पैंट के ऊपर से ही चूहे को पकड़ लिया. अपने ऊपर खतरा समझ चूहे ने अरुण के घुटने के पीछे काट लिया. अंत में उन्हें चूहे को पकड़ने के लिए पैंट उतारनी पड़ी तब वो पकड़ में आया.
दंपती के शोर-शराबे के बाद एयरपोर्ट में मौजूद अन्य यात्री वहां इकट्ठा हो गए. स्टाफ भी पहुंचा और अरुण को मेडिकल रूम ले जाया गया, लेकिन वहां रेबीज का इंजेक्शन नहीं था. इसके बाद उन्हें टिटनेस का इंजेक्शन लगाया गया. अरुण ने डॉक्टर से प्रिस्क्रिप्शन लिखवाया और इसके बाद बेंगलुरु लैंड करने के बाद वहां उन्होंने रेबीज का इंजेक्शन लगवाया.
अरुण मोदी भोपाल के रहने वाले हैं. वो हैदराबाद की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपर हैं. वह इंदौर से बेंगलुरु होते हुए कालीकट जा रहे थे. इंदौर एयरपोर्ट के डायरेक्टर वीके सेठ ने मामले की जानकारी दी. उन्होंने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. जिस पैसेंजर के साथ घटना घटित हुई है, उससे भी जानकारी जुटाई जा रही है.
इंदौर एयरपोर्ट पर इससे पहले भी चूहों की शिकायत की जा चुकी है. कुछ समय पहले एक यात्री ने टर्मिनल में फूड काउंटर के पास चूहों के दौड़ने का वीडियो सोशल मीडिया में शेयर किया था. एयरपोर्ट पर मच्छर, कॉकरोच और आवारा कुत्तों की शिकायत भी की जा चुकी है. 3 दिन पहले भी एक यात्री ने एयरपोर्ट के वॉशरूम में गंदगी के फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किए थे. जिसके जवाब में एयरपोर्ट प्रबंधन ने तुरंत सफाई करवाई थी.
शिवपुरी (मध्य प्रदेश): अक्सर चर्चा में रहे वाले भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने फिर…
( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर ) तालाब में उद्योग का केमिकल युक्त पानी छोड़ने से तालाब…
( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर ) 1200 एकड़ में फैला 'स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क' बना निवेशकों की…
( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर ) विजय नगर थाना पुलिस ने मॉल, होटल, मल्टीप्लेक्स और सार्वजनिक…
( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर ) एक सदस्यीय जांच आयोग ने पूरी की जांच, सीलबंद लिफाफे…
( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर ) वार्ड 75 के भावना नगर-पालदा नाका क्षेत्र में अनोखा विरोध…