( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
एनटीवी टाइम न्यूज पीथमपुर/ औद्योगिक नगरी पीथमपुर में बुंदेलखंड मूल के नागरिकों द्वारा एक नए सामाजिक संगठन ‘बुंदेलखंड सांस्कृतिक मंच’ का विधिवत गठन किया गया है। इस अवसर पर आयोजित बैठक में क्षेत्र में रह रहे नागरिकों ने एकजुट होकर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सहेजने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
संगठन का मुख्य उद्देश्य बुंदेली बोली, लोक कलाओं, परंपराओं और गौरवशाली विरासत का संरक्षण करना है। इसके साथ ही यह मंच स्थानीय बुंदेलखंडवासियों के बीच परस्पर एकता, भाईचारे और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का कार्य करेगा, ताकि आने वाली युवा पीढ़ी को अपने समृद्ध इतिहास, शौर्य गाथाओं और सांस्कृतिक मूल्यों से निरंतर जोड़ा जा सके।

‘एक मंच, एक परिवार, एक पहचान’ के मूल मंत्र के साथ शुरू हुए इस संगठन ने क्षेत्र के सभी बुंदेलखंडवासियों से एकजुट होकर मंच को मजबूत बनाने का आह्वान किया है। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह पहल पीथमपुर की धरती पर बुंदेली संस्कृति की आन, बान और शान को स्थापित करने में मील का पत्थर साबित होगी।