डिंडौरी। नगर परिषद शहपुरा के उपाध्यक्ष मुकेश साहू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। जिला भाजपा अध्यक्ष को संबोये धित त्यागपत्र में उन्होंने मानसिक प्रताड़ना, अनुचित दबाव और असहनीय परिस्थितियों का हवाला देते हुए पद छोड़ने का निर्णय लेने की बात कही है। पत्र दिनांक 15 जुलाई 2026 का है।
त्यागपत्र में मुकेश साहू ने लिखा है कि वे भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और उन्होंने हमेशा संगठन अनुशासन तथा जनहित को प्राथमिकता दी है। उनका आरोप है कि पिछले कुछ समय से पार्टी संगठन के कुछ पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उन पर नियमों और नैतिकता के विरुद्ध कार्य करने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया तथा राजनीतिक नुकसान पहुंचाने की धमकियां भी दी गईं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर भी अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पार्षदों एवं पार्टी नेताओं की व्यक्तिगत स्वार्थ और राजनीतिक महत्वाकांक्षा के कारण उनके खिलाफ षड्यंत्र रचा जा रहा है तथा उनके द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों, जैसे निजी वाहन से निःशुल्क पेयजल वितरण, में लगातार बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।
मुकेश साहू ने अपने त्यागपत्र में जिला भाजपा अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि उनके द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं गोपनीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

