खबर का बड़ा असर : वनग्राम खमरिया में पहुंचा प्रशासन, ग्रामीणों को मिला पानी

0
73

एन टीवी टाइम में खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया पंचायत एवं पीएचई विभाग

3 जून तक पाइपलाइन विस्तारीकरण और जल सप्लाई शुरू करने के निर्देश

शहपुरा – डिंडोरी जिले के मेहदवानी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सुखलोदी के वनग्राम खमरिया में भीषण जल संकट को लेकर एन टीवी टाइम द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित खबर का बड़ा असर देखने को मिला। खबर सामने आने के बाद प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हुआ और पंचायत विभाग व लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी गांव पहुंच गए। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद तत्काल पानी टैंकर उपलब्ध कराया गया, जिससे कई दिनों से पानी की किल्लत झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिली।
दरअसल वनग्राम खमरिया में गर्मी बढ़ने के साथ पेयजल संकट गंभीर रूप ले चुका था। गांव के कुएं, बावड़ी और अन्य जल स्रोत पूरी तरह सूख चुके थे। ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को रोजाना घाट और पहाड़ी रास्तों से होकर करीब 2 किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा था। ग्रामीणों द्वारा कई बार पंचायत और संबंधित विभागों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। NTV TIEM ने ग्रामीणों की इस पीड़ा और पंचायत विभाग की लापरवाही को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। जनपद पंचायत मेहदवानी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रमोद ओझा एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग शहपुरा के एसडीओ गगन कुम्हरे स्वयं गांव पहुंचे और मौके पर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा तत्काल राहत व्यवस्था सुनिश्चित की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ग्राम पंचायत के कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 3 जून 2026 तक गांव में मोटर पंप स्थापना, पाइपलाइन विस्तारीकरण एवं विद्युतीकरण कार्य पूर्ण कर नियमित पेयजल सप्लाई शुरू की जाए। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों के बीच पंचनामा तैयार कराया गया और कार्यों की समयसीमा तय कर ग्रामीणों को आश्वस्त किया गया कि जल्द स्थायी समाधान किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से जल संकट की समस्या बनी हुई थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे थे। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के गांव पहुंचने और तत्काल पानी की व्यवस्था होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में हरिभूमि ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। गांव में पानी टैंकर पहुंचने के बाद महिलाओं और बच्चों के चेहरों पर राहत दिखाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तय समय सीमा के भीतर पाइपलाइन और मोटर पंप का कार्य पूरा हो जाता है, तो वर्षों पुरानी पानी की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी। इस दौरान जनपद पंचायत मेहदवानी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रमोद ओझा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग शहपुरा के एसडीओ गगन कुम्हरे, पंचायत इंस्पेक्टर झारिया, ग्राम पंचायत के सचिव, सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

(“मीडिया ने उठाई आवाज, तब जागा प्रशासन”)

ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से वे जल संकट झेल रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही थी। NTV TIME में खबर प्रकाशित होने के बाद ही प्रशासन गांव पहुंचा और राहत कार्य शुरू हुए। ग्रामीणों ने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि पत्रकारिता का यही दायित्व है कि जनता की समस्याओं को शासन तक पहुंचाया जाए।

रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here