भगवानपुर के माजरा गांव में श्मशान घाट के द्वार का निर्माण विवादों में
पिलर में ईंट के टुकड़े भरकर प्लास्टर का आरोप, ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
अर्जुन धारीवाल
भगवानपुर। विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवालों के बीच अब भगवानपुर ब्लॉक के ग्राम माजरा में श्मशान घाट के द्वार का निर्माण विवादों में घिर गया है। ग्रामीणों ने निर्माण में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार निर्माण एजेंसी ने द्वार के पिलर बनाने में मानकों की अनदेखी की है। सीमेंट, रेत और बजरी के उचित मिश्रण से मजबूत निर्माण करने के बजाय ईंटों के टुकड़े भरकर ऊपर से प्लास्टर कर दिया गया। मौके की तस्वीर में पिलर की बाहरी सतह पर ईंटों के टुकड़े और उखड़ा हुआ मसाला साफ दिखाई दे रहा है
ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट जैसी महत्वपूर्ण जगह पर भी लापरवाही गंभीर मामला है। मुख्य द्वार का निर्माण मजबूत और टिकाऊ होना चाहिए, लेकिन बाहर से प्लास्टर कर खामियों को छिपाने का प्रयास किया गया है। हालांकि सामग्री और गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि द्वार का निर्माण सही तरीके से दोबारा नहीं कराया गया तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करेंगे और निर्माण एजेंसी के खिलाफ जांच की मांग करेंगे।
ग्रामीणों ने मांग की है कि सरकारी धन से हो रहे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो और गुणवत्ता से समझौता करने वालों की जवाबदेही तय की जाए। अब देखना है कि विभाग मामले का संज्ञान लेकर तकनीकी जांच कराता है या नहीं।
