छत के बेहद करीब से गुजर रही एचटी लाइन की चपेट में आकर ग्रामीण झुलसा
एचटी लाइन की चपेट में आकर ग्रामीण झुलसा, जिला अस्पताल ले जाते समय मौत
पियूष गंगवार जिला संवाददाता
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चठिया सेवाराम में मकानों की छतों के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गया। उपचार के लिए सीएचसी बीसलपुर लाए गए ग्रामीण की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
गांव निवासी अवधेश कुमार वर्मा अपने घर की छत पर गए थे। इसी दौरान छत के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उन्हें करंट लग गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर छत से नीचे गिर पड़े। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीसलपुर लेकर पहुंचे।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी पर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई मकानों की छतों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। कई स्थानों पर लाइन छतों के बेहद करीब होने के कारण लोगों की जान पर खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन को सुरक्षित कराने की मांग पहले भी की जाती रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मकानों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को सुरक्षित कराने की मांग की है। साथ ही मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग भी की गई है।
बीसलपुर कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि ग्रामीण की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
