Home मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार जिले के सरदारपुर से किसानों के...

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार जिले के सरदारपुर से किसानों के खातों में अंतरित करेंगे 317.86 करोड़ रुपये की फसल बीमा दावा राशि

0

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज धार जिले के सरदारपुर से किसानों के खातों में अंतरित करेंगे 317.86 करोड़ रुपये की फसल बीमा दावा राशि

रबी 2025-26 के 16.70 लाख कृषक आवेदनों के लिए होगा भुगतान
सरदारपुर

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 24 अक्टूबर को धार जिले के सरदारपुर में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी 2025-26 की 317.86 करोड़ रुपये की दावा राशि किसानों के खातों में अंतरित करेंगे। यह राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से 16.70 लाख कृषक आवेदनों के लिए सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।
    प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण फसल हानि से प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा उनकी आय को सुरक्षित करने में सहयोग देना है। योजना के माध्यम से किसानों को फसल नुकसान की स्थिति में राहत मिलती है, जिससे वे आगामी कृषि गतिविधियों को निरंतर जारी रख सकें।
    मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रारंभ वर्ष 2016-17 से खरीफ 2025 तक प्रभावित किसानों को कुल 32,402.59 करोड़ रुपये की दावा राशि का भुगतान किया जा चुका है। योजना के अंतर्गत फसलों का बीमा निर्धारित प्रीमियम के आधार पर किया जाता है। खरीफ फसलों के लिए किसानों का अधिकतम अंश बीमित राशि का 2 प्रतिशत, रबी फसलों के लिए 1.5 प्रतिशत तथा कपास फसल के लिए 5 प्रतिशत निर्धारित है। शेष प्रीमियम का वहन राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा समान अनुपात में किया जाता है।
    रबी वर्ष 2026-27 के लिए किसानों का फसल बीमा एक नवंबर 2026 से प्रारंभ किया जाना प्रस्तावित है। किसानों को अधिकाधिक संख्या में फसल बीमा कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्राम पंचायत एवं पैक्स स्तर पर शिविर आयोजित कर किसानों को योजना की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र ऋणी एवं अऋणी किसानों का बीमा कराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
    फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version