बागेश्वर बाबा का मजाकिया अंदाज: धीरेंद्र शास्त्री ने करवा चौथ को बताया ‘खसम पूजन-दिवस’, बोले- पत्नियां एक दिन व्रत रखकर 364 दिन ताने मारती हैं
शिवपुरी:
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक अनोखा और मजाकिया अंदाज देखने को मिला। कथा के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र में जब एक भक्त ने करवा चौथ व्रत को लेकर सवाल पूछा, तो बाबा बागेश्वर ने चुटीले अंदाज में इसका नाम बदलकर ‘खसम पूजन दिवस’ (पति-पूजन दिवस) रख दिया। उनकी यह बात सुनते ही पूरा पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।
364 दिन के तानों पर ली चुटकी
अपने चिर-परिचित मजाकिया लहजे में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पतियों का पक्ष लेते हुए कहा कि पत्नियां अपने पतियों के लिए साल में सिर्फ एक दिन करवा चौथ का व्रत रखती हैं, लेकिन इसके बदले में वे साल के बाकी बचे 364 दिन पतियों को ताने मारती रहती हैं। उन्होंने कहा कि एक दिन भूखी रहकर लंबी उम्र की कामना करना तो ठीक है, लेकिन बाकी दिन तानों से मुक्ति मिलनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बयान
करवा चौथ के पावन पर्व से ठीक पहले बाबा बागेश्वर का यह मजाकिया बयान सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो क्लिप को इंटरनेट पर खूब शेयर कर रहे हैं। जहां पुरुष इस बयान पर जमकर मजे ले रहे हैं, वहीं महिलाएं भी बाबा के इस व्यंग्यपूर्ण और मजाकिया अंदाज को काफी पसंद कर रही हैं।
