Home मध्य प्रदेश माँ-बच्चों का हत्यारा: दमोह में पति ने सोते समय पत्नी और 3...

माँ-बच्चों का हत्यारा: दमोह में पति ने सोते समय पत्नी और 3 बच्चों को कुल्हाड़ी से काटा, वारदात के बाद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर दरवाजे पर बैठा रहा

0

माँ-बच्चों का हत्यारा: दमोह में पति ने सोते समय पत्नी और 3 बच्चों को कुल्हाड़ी से काटा, वारदात के बाद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर दरवाजे पर बैठा रहा

कबीरपुर गांव की खौफनाक वारदात: शराब के नशे में अक्सर पत्नी से करता था मारपीट, समझाने आए थे ससुर; रातभर चले विवाद के बाद अलसुबह दी खूनी वारदात को अंजाम

दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले से एक बेहद हैरान और विचलित कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ के मगरोन थाना क्षेत्र के अंतर्गत कबीरपुर गांव में एक सनसनीखेज चौहरा हत्याकांड (4 Murders) हुआ। एक कलयुगी पति ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और तीन बेहद मासूम बच्चों की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि चारों की बेरहमी से हत्या करने के बाद आरोपी कहीं भागा नहीं, बल्कि खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर अपने ही घर के दरवाजे पर बैठा रहा। सुबह ग्रामीणों ने उसे इस हालत में देखा तो पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतकों की हुई पहचान

घटना में जान गंवाने वाले चारों अभागे पीड़ितों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • खेमा बाई (उम्र 27 वर्ष) – आरोपी की पत्नी
  • उर्मिला (उम्र 7 वर्ष) – बड़ी बेटी
  • उमेश (उम्र 4 वर्ष) – बेटा
  • राजा पटेल (उम्र 1 वर्ष) – सबसे छोटा मासूम बेटा

समझाने आए थे ससुर, रातभर हुआ विवाद

पुलिस और स्थानीय सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी द्वारका पटेल और उसकी पत्नी खेमा बाई के बीच पिछले करीब एक साल से गंभीर विवाद चल रहा था। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी अक्सर शराब के नशे में धुत होकर अपनी पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट और प्रताड़ित करता था। करीब 6 महीने पहले तंग आकर पत्नी ने मगरोन थाने में आरोपी पति के खिलाफ धारा 498 (घरेलू प्रताड़ना) के तहत केस भी दर्ज कराया था। शुक्रवार को भी दोनों के बीच भारी विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी के ससुर (पत्नी के पिता) उसे समझाने के लिए गांव पहुंचे थे। ससुर के समझाने के बाद भी रातभर दोनों के बीच झगड़ा होता रहा।

सोते समय किया कुल्हाड़ी से हमला

झगड़े के बाद थक-हारकर जब पत्नी खेमा बाई और तीनों मासूम बच्चे गहरी नींद में सो गए, तब सुबह करीब 4:30 बजे आरोपी द्वारका पटेल ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली। उसने सोते हुए ही अपनी पत्नी और तीनों बच्चों पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला इतना बर्बर था कि चारों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर बैठा रहा, पुलिस ने दबोचा

सुबह जब ग्रामीण वहाँ से गुजरे, तो उन्होंने द्वारका पटेल को दरवाजे पर खून से लथपथ कुल्हाड़ी थामे चुपचाप बैठे देखा। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस की डायल 100 टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए घेराबंदी कर आरोपी को मौके से ही कुल्हाड़ी सहित हिरासत में ले लिया। घर के अंदर का खौफनाक मंजर देखकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए, जहां चारों शव खून से सने पड़े थे।

आला अधिकारी और FSL टीम मौके पर

दमोह जिला पुलिस अधीक्षक (SP) आनंद कलादगी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत कबीरपुर गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की भयावहता को देखते हुए सागर से आईजी (IG), डीआईजी (DIG) और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीमें भी साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर बुलाई गईं। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version