इंदौर में धार भोजशाला मुक्ति के लिए संघर्ष करने वाले हिंदूवादी नेता गोपाल शर्मा का बाविसा ब्राह्मण समाज ने किया सम्मान, विधायक गोलू शुक्ला रहे उपस्थित
इंदौर। धार की ऐतिहासिक भोजशाला को मुक्त कराने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हिंदूवादी नेता गोपाल शर्मा का इंदौर में बाविसा ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य सम्मान किया गया। इस गरिमामयी और गौरवपूर्ण अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इंदौर के लोकप्रिय विधायक गोलू शुक्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भोजशाला मुक्ति आंदोलन में गोपाल शर्मा के निरंतर समर्पण, त्याग और जमीनी संघर्ष को देखते हुए समाज ने उन्हें शॉल-श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मौजूद समाज जनों ने सनातन संस्कृति और धार्मिक धरोहरों की रक्षा के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयासों की जमकर सराहना की।
इस विशेष आयोजन में विधायक गोलू शुक्ला के साथ ही मानवेंद्र त्रिवेदी, सुनील उपाध्याय सहित बाविसा ब्राह्मण समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रबुद्ध जन और बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी ने गोपाल शर्मा के संघर्ष को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
