Home मध्य प्रदेश खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: निरंजनपुर स्थित CKD गार्डन एंड रेस्टोरेंट...

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: निरंजनपुर स्थित CKD गार्डन एंड रेस्टोरेंट पर छापा, 4 नमूने जब्त

0


इंदौर। मध्य प्रदेश में आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर इंदौर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने ए.बी. रोड, निरंजनपुर स्थित ‘CKD Garden & Restaurant’ का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार श्रीमती सपना शर्मा और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का दल मौजूद रहा। इस दौरान रेस्टोरेंट के प्रोपराइटर अंश ठाकुर मौके पर उपस्थित पाए गए।
डीप फ्रीजर में एक साथ मिला वेज और नॉन-वेज
संयुक्त दल द्वारा किचन, स्टोर रूम और खाद्य सामग्री के भंडारण की जांच की गई, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं:
असुरक्षित भंडारण: किचन के डीप फ्रीजर में वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को एक साथ रखा गया था, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का सीधा उल्लंघन है।
स्टोर रूम की अव्यवस्था: खाद्य सामग्री के साथ अखाद्य पदार्थों का संग्रहण किया जा रहा था और कई खाद्य पदार्थ बिना पैलेट के रखे पाए गए।
दस्तावेजों में कमी: भोजन निर्माण में इस्तेमाल होने वाले पानी की जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित कोई भी रिकॉर्ड मौके पर पेश नहीं किया जा सका। हालांकि, परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
पनीर, घी और काजू समेत 4 सैंपल लैब भेजे गए
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए टीम ने मौके से भोजन निर्माण में उपयोग होने वाले पनीर, काजू, तुअर दाल और घी के कुल 4 नमूने जब्त किए हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। इसमें तय समय-सीमा के अंदर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में सुधार न करने पर रेस्टोरेंट के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण और सैंपल लेने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version