महाकाल मंदिर में शर्मनाक घटना: 13 साल की बेटी के सामने मां को पीटा, बाल खींचे; मोबाइल छीना
उज्जैन। आस्था के बड़े केंद्र उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर परिसर से एक बेहद विचलित करने वाला मामला सामने आया है। मंदिर समिति द्वारा संचालित पंडित सूर्यनारायण व्यास धर्मशाला के पास सुरक्षाकर्मियों ने दिल्ली से आई एक महिला श्रद्धालु और उसकी 13 वर्षीय बेटी के साथ कथित तौर पर गंभीर मारपीट और बदसलूकी की।
पीड़ित महिला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी आपबीती सुनाई है, जिसमें उनके शरीर पर चोट के निशान साफ देखे जा सकते हैं। महिला का आरोप है कि सुरक्षा गार्ड्स ने न सिर्फ उनके बाल खींचकर उन्हें घसीटा, बल्कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।
बैठने की जगह मांगने पर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित महिला के अनुसार, वह अपनी बेटी के साथ बाबा महाकाल के दर्शन करने आई थीं। धर्मशाला परिसर में थकान होने के कारण उन्होंने वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों से सिर्फ बैठने के लिए थोड़ी सी जगह पूछी थी। इसी बात को लेकर सुरक्षा गार्ड्स भड़क गए और उनके बीच बहस शुरू हो गई। महिला का आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि महिला सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ पुरुष स्टाफ ने भी उन पर हमला कर दिया।
बेटी के सामने खींचे बाल, छीना मोबाइल
पीड़िता ने रोते हुए बताया, “मेरी 13 साल की मासूम बेटी के सामने मुझे बेरहमी से पीटा गया। उन्होंने मेरे बाल खींचे और धक्का देकर नीचे गिरा दिया। जब मैंने इस पूरी घटना का वीडियो बनाने के लिए अपना फोन निकाला, तो सुरक्षा गार्ड्स ने मुझसे मेरा मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि उनकी करतूत रिकॉर्ड न हो सके।” महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उनकी बेटी को भी धक्का दिया गया और उसके साथ बदसलूकी की गई।
पहले भी सामने आ चुके हैं मारपीट के मामले
महाकाल मंदिर परिसर में सुरक्षा गार्ड्स और श्रद्धालुओं के बीच झड़प का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी मुंबई के श्रद्धालुओं और स्थानीय कांवड़ियों के साथ सुरक्षाकर्मियों की धक्का-मुक्की और मारपीट के वीडियो सामने आ चुके हैं। दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली निजी एजेंसी के गार्ड्स का व्यवहार आम भक्तों के प्रति बेहद आक्रामक और असंवेदनशील रहता है।
जांच में जुटा प्रशासन
वीडियो वायरल होने और मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचने के बाद, महाकाल मंदिर प्रबंधन समिति ने मामले को संज्ञान में लिया है। परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
