₹9,500 करोड़ में 40 नए विमान, 60+ फ्लीट का टारगेट… एयरलाइन कंपनी FLY91 का बड़ा दांव
भारतीय विमानन क्षेत्र (Aviation Sector) में एक बड़ी हलचल देखने को मिली है। गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन कंपनी FLY91 ने छोटे शहरों को हवाई मार्ग से जोड़ने (Regional Connectivity) के लिए अब तक का सबसे बड़ा दांव खेला है। कंपनी ने करीब 1 अरब डॉलर (लगभग ₹9,500 करोड़) की अनुमानित लागत से 40 नए ATR 72-600 टर्बोप्रॉप विमान खरीदने के लिए एक पक्के समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। किसी भी रीजनल एयरलाइन द्वारा वैश्विक स्तर पर एटीआर विमानों के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा सिंगल ऑर्डर है।
60 से ज्यादा विमानों का लक्ष्य
वर्तमान में केवल छह ATR 72-600 विमानों का संचालन कर रही FLY91 का लक्ष्य आने वाले वर्षों में अपने बेड़े (Fleet) को बढ़ाकर 60 से अधिक विमानों तक ले जाना है। नए विमानों की डिलीवरी साल 2027 के अंत से शुरू होकर 2032 तक पूरी होगी। इस बीच, नए विमानों के आने से पहले कंपनी अंतरिम अवधि के लिए खुले बाजार से 6 से 8 और विमान लीज (किराए) पर लेने की योजना बना रही है ताकि क्षमता विस्तार में कोई रुकावट न आए।
‘कनेक्टिंग भारत’ पर पूरा फोकस
FLY91 के चेयरमैन हर्षा राघवन और सीईओ मनोज चाको के अनुसार, इस ऐतिहासिक ऑर्डर का मुख्य उद्देश्य देश के टियर-2 and टियर-3 शहरों में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। कंपनी का ध्यान मुख्य रूप से उन छोटे शहरों पर है जो अभी भी हवाई नेटवर्क से अछूते हैं या जहां उड़ानों की संख्या काफी कम है।
मार्च 2024 में अपनी पहली उड़ान शुरू करने वाली यह एयरलाइन वर्तमान में हर हफ्ते 280 उड़ानें संचालित करती है और गोवा, पुणे, जलगांव, सिंधुदुर्ग, हुबली और लक्षद्वीप (अगाती) जैसे 12 गंतव्यों को आपस में जोड़ती है। कंपनी का अगला लक्ष्य अगले कुछ वर्षों में अपने नेटवर्क को 50 से अधिक शहरों तक फैलाना है।
लागत में बचत और कम किराया
रीजनल रूट्स के लिए जेट विमानों की तुलना में टर्बोप्रॉप (ATR) विमानों को काफी किफायती माना जाता है। कम ईंधन खपत और छोटे रनवे पर भी आसानी से लैंड करने की क्षमता के कारण ये विमान घरेलू परिचालन लागत को बेहद कम रखते हैं। यही वजह है कि एयरलाइन आम जनता को सस्ती दरों पर टिकट उपलब्ध कराने में सफल हो रही है।
यह सौदा न केवल FLY91 के लिए एक बड़ा मील का पत्थर है, बल्कि भारत सरकार की ‘उड़ान’ (UDAN) योजना के तहत देश के सुदूर इलाकों तक हवाई सफर पहुंचाने के सपने को भी नई उड़ान देगा।