Home मध्य प्रदेश MP News: उज्जैन में गौ तस्करी के आरोप में तालिबानी सजा; दो...

MP News: उज्जैन में गौ तस्करी के आरोप में तालिबानी सजा; दो युवकों को अर्धनग्न कर लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल

0

MP News: उज्जैन में गौ तस्करी के आरोप में तालिबानी सजा; दो युवकों को अर्धनग्न कर लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल

उज्जैन: मध्य प्रदेश के धार्मिक शहर उज्जैन से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक क्रूर घटना सामने आई है। यहाँ गौ तस्करी के आरोप में दो युवकों को बंधक बनाकर न केवल उनके कपड़े उतरवाए गए, बल्कि बीच सड़क पर लाठी-डंडों और बेल्ट से उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस पूरी तालिबानी सजा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

8 गायों से भरी गाड़ी पकड़ी थी

जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना उज्जैन के ढाबला सिया क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि एक हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने करीब एक सप्ताह पहले घेराबंदी कर मवेशियों से भरी एक गाड़ी को पकड़ा था। इस गाड़ी में कथित तौर पर 8 गायों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था। कार्यकर्ताओं ने मौके से गाड़ी के साथ दो युवकों को भी दबोच लिया।

‘नागिन’ गाने पर डांस कराया, फिर बरसाईं लाठियां

घटना का जो वीडियो सामने आया है, वह बेहद विचलित करने वाला है। कानून को हाथ में लेते हुए भीड़ ने दोनों युवकों के कपड़े उतरवा दिए। इसके बाद बैकग्राउंड में ‘नागिन धुन’ बजाकर उन्हें अर्धनग्न हालत में सड़क पर नाचने के लिए मजबूर किया गया। जब युवक जान बचाने के लिए नाच रहे थे, तब आधा दर्जन से अधिक लोग उन पर बेल्ट, लाठी और डंडे बरसा रहे थे।

“सबक सिखाने के लिए किया ऐसा”

घटना को लेकर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी लाला पटेल का बयान भी सामने आया है। उनका दावा है कि ढाबला क्षेत्र से लगातार बड़ी संख्या में गौ तस्कर मवेशियों को कटाई के लिए नागदा और कानवन की ओर ले जाते हैं। कार्यकर्ताओं ने इसी को रोकने के लिए गाड़ी का पीछा किया था। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि युवकों को ‘सबक सिखाने’ के लिए उनके साथ मारपीट की गई।

पुलिस कार्रवाई और सवाल

इस घटना के बाद कथित तौर पर मवेशी ले जा रहे युवकों के खिलाफ तो पुलिसिया कार्रवाई की गई है, लेकिन बीच सड़क पर खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ाने और युवकों को बेरहमी से पीटने वालों पर अब तक क्या एक्शन हुआ है, इसे लेकर स्थिति साफ होना बाकी है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को शेयर कर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version