( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
मंगलवार को बॉम्बे हॉस्पिटल की सर्विस रोड पर गड्ढे में फंसी कार को धक्का देकर निकाला, बुधवार को उसी गड्ढे में बैठकर निगम के खिलाफ जताया विरोध
एनटीवी टाइम न्यूज इंदौर/ शहर की बदहाल सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों को लेकर कांग्रेस ने नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड पर एक कार गड्ढे में फंस गई थी। कार को निकालने के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे खुद मौके पर पहुंचे और धक्का लगाकर वाहन को बाहर निकलवाया। इसके अगले ही दिन बुधवार को चौकसे ने उसी सड़क के गड्ढे में बैठकर प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ विरोध जताया।चौकसे ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि शहर की सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है। जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात इतने खराब हैं कि अब कारों के पहिए तक गड्ढों में फंसने लगे हैं।
पहले कार निकाली, फिर गड्ढे में बैठकर जताया विरोध
मंगलवार को बॉम्बे हॉस्पिटल के पास सर्विस रोड पर एक व्यक्ति की कार सड़क के बड़े गड्ढे में फंस गई थी। मौके पर पहुंचे शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने खुद कार को धक्का लगाया और अन्य लोगों की मदद से वाहन को गड्ढे से बाहर निकलवाया। इसके बाद उन्होंने सड़क की बदहाली को लेकर निगम अधिकारियों पर सवाल उठाए थे। बुधवार को चौकसे ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। वह उसी सर्विस रोड के गड्ढे में बैठ गए और सड़क की खराब स्थिति को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम को बार-बार शिकायतों के बावजूद शहर की सड़कों की मरम्मत की चिंता नहीं है।
ये भी देखे 👇
https://ntvtime.com/पीथमपुर-तिरंगा-कांवड़-या/
85 वार्डों में पेचवर्क नहीं होने का आरोप
चौकसे ने कहा कि इंदौर की साढ़े पांच विधानसभा क्षेत्रों के 85 वार्डों में बारिश से पहले जरूरी पेचवर्क नहीं कराया गया। इसका खामियाजा अब शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़कों पर गड्ढों की संख्या और आकार दोनों बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है, जबकि बड़े गड्ढों में चार पहिया वाहन फंस रहे हैं।
‘कब खुलेगी धृतराष्ट्र निगम की नींद?’
प्रदर्शन के दौरान चौकसे ने नगर निगम पर तंज कसते हुए कहा कि शहर में जगह-जगह सड़कें खराब हैं, लेकिन निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को यह दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर ‘धृतराष्ट्र रूपी निगम’ की नींद कब खुलेगी और शहरवासियों को इन गड्ढों से राहत कब मिलेगी। चौकसे ने निगम से मांग की कि शहर की खराब सड़कों का तत्काल सर्वे कराया जाए और बड़े गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए।
