Home मध्य प्रदेश उज्जैन : रंगपंचमी पर पुजारी एक-एक लोटा केसरिया रंग महाकाल को करेंगे...

उज्जैन : रंगपंचमी पर पुजारी एक-एक लोटा केसरिया रंग महाकाल को करेंगे अर्पित

  • उज्जैन के महाकाल मंदिर में रंगपंचमी पर रंगोत्सव मनाया जाएगा। तड़के चार बजे भस्म आरती में पुजारी भगवान महाकाल को एक-एक लोटा केसरिया रंग अर्पित करेंगे। इसके बाद शहर में होली मनाई जाएगी। मंदिर समिति ने रंगपर्व की परंपरा निभाने के लिए व्यवस्था की है।

रंगपंचमी पर बुधवार को शहर में मालवा की लोकपरंपरा अनुसार रंगोत्सव मनाया जाएगा। शुरुआत ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर से होगी। तड़के 4 बजे भस्म आरती में पुजारी भगवान महाकाल को एक लोटा केसरिया रंग अर्पित अर्पित करेंगे। इसके बाद शहर में होली मनाई जाएगी। शाम को गेर के रूप में परंपरा का नगर भ्रमण होगा।

मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया महाकाल मंदिर में रंगपंचमी पर रंगपर्व की परंपरा निभाई जाएगी। मंदिर समिति तड़के 4 बजे भस्म आरती तथा शाम 7.30 बजे संध्या आरती में भगवान महाकाल को रंग अर्पण करने के लिए पुजारियों को एक-एक लोटा शुद्ध केसर से निर्मित रंग उपलब्ध कराएगी।

पुजारी भगवान को रंग अर्पित कर होली मनाएंगे। पुजारी, पुरोहित, कर्मचारी तथा श्रद्धालुओं के मंदिर में होली खेलने पर पूर्णत: प्रतिबंध रहेगा। इनमें से कोई भी व्यक्ति मंदिर में रंग, गुलाल, प्रेशरगन, पिचकारी आदि लेकर मंदिर में प्रवेश नहीं करेगा। मंदिर में पुजारी, पुरोहित फूलों से रंग भी नहीं बना सकेंगे। सभी को नियम पालन के लिए सूचना दे दी गई है।

देवास गेट पर कढ़ाव होली का आयोजन

देवास गेट स्थित गणेश मंदिर के समीप पारंपरिक कढ़ाव होली का आयोजन होगा। समिति द्वारा इसको लेकर तैयारी की जा रही है। सोमवार को कढ़ाव रखकर, पूजा अर्चना की गई। मंगलवार को इसमें रंग भरा जाएगा। बुधवार को हुरियारों की टोली सुबह से कढ़ाव होली खेलेगी।

गोपाल मंदिर पर रापटरोलिया होली

देवास गेट पर स्वर्णिम भारत मंच द्वारा सुबह 9 बजे से रापटरोलिया होली का आयोजन किया जाएगा। शहरवासी प्राकृतिक रंग के साथ टमाटर व मुल्तानी मिट्टी से होली खेलेंगे। यहां के होली उत्सव में मथुरा वृंदावन की तरह होली खेलने का आनंद मिलेगा।

चारधाम मंदिर में फाग महोत्सव

चारधाम मंदिर आश्रम में रंगपंचमी से एक दिन पहले मंगलवार को फाग महोत्सव मनाया जाएगा। शाम 4 बजे भक्त फाग के गीत पर भगवान द्वारकाधीश, भगवान रामेश्वर, भगवान जगन्नाथ व भगवान बद्रीनाथ के साथ फूल व गुलाल से होली खेलेंगे।

इसके बाद आश्रम के वेदपाठी बटुक तथा भक्तों द्वारा होली खेली जाएगी। भक्तों के लिए ठंडाई व प्रसादी का इंतजाम रहेगा। पं.रामलखन शर्मा, परमानंद शर्मा, मनसुख शर्मा, राजेश करे आदि ने भक्तों से भगवान द्वारकाधीश के आंगन में हो रहे फाग महोत्सव में शामिल होने का अनुरोध किया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version