Home Uncategorized एनएच-45 सड़क दुर्घटना : मृतकों के परिजनों को त्वरित सहायता, प्रशासन ने...

एनएच-45 सड़क दुर्घटना : मृतकों के परिजनों को त्वरित सहायता, प्रशासन ने तत्परता से संभाली स्थिति

0

डिंडोरी जिले के बजाग तहसील अंतर्गत गाड़ासरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर हुई सड़क दुर्घटना में जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया। घटना रात लगभग 1 बजे की है, जिसमें तेज रफ्तार ट्राला कैप्सूल वाहन की चपेट में आने से 5 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने ,एसडीएम, तहसीलदार, स्वास्थ्य एवं पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य प्रारंभ किया। कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं, जहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया एवं हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

परिवार जनों ने बताया, परसवाह ग्राम के कुछ लोग चौक कार्यक्रम से लौटते समय अपने पिकअप वाहन का टायर बदल रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक रोड की ओर से आ रहे ट्राला (क्रमांक MP 19 ZO 9351) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना में पवन कुमार मरावी (32 वर्ष), विशाल सिंह धुर्वे (58 वर्ष), राजकरण बनवासी (30 वर्ष), बिहारी सिंह उद्दे (31 वर्ष) एवं पवन सिंह उद्दे (52 वर्ष) की मृत्यु हो गई। घायल उदय प्रताप सिंह (20 वर्ष) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

जिला प्रशासन द्वारा त्वरित राहत प्रदान करते हुए मृतकों के परिजनों को रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता तथा संबल योजना के अंतर्गत 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है। साथ ही अंतिम संस्कार की समुचित व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन चालक को वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन खड़ा करते समय विशेष सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, जिससे इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

इस दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया,पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डिगरसे, जनसंपर्क अधिकारी श्री चेतराम अहिरवार, एसडीओपी डिंडोरी श्री सतीश द्विवेदी, SDOP बजाग श्री विवेक गौतम तहसीलदार बजाग श्री भरत बट्टे सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version