Home Uncategorized कलेक्टर ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा की

कलेक्टर ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर योजनाओं की समीक्षा की

0

डिंडौरी : 16 मई, 2026
डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने विकासखंड करंजिया अंतर्गत ग्राम पंचायत पाटनगढ़, सुनपुरी, बुंदेला, कटीगहन एवं अन्य ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनमन आवास, नल-जल योजना, सोख्ता टैंक निर्माण, जल जीवन मिशन, पशुपालन विभाग के टीकाकरण अभियान, मां की बगिया, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित अन्य शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जल संरक्षण के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि भविष्य में जल संकट से बचाव के लिए जल संरक्षण आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिले में जनभागीदारी के माध्यम से गांव-गांव जल संरक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत “गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में, हैंडपंप का पानी हैंडपंप में तथा कुएं का पानी कुएं में” की अवधारणा पर कार्य किया जा रहा है।
अभियान के अंतर्गत नल-जल योजनाओं, कुओं, तालाबों, नदी-नालों, खेत तालाबों, जलाशयों तथा शासकीय एवं अशासकीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं सोख्ता टैंक निर्माण के कार्य किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में पेयजल एवं जल संरक्षण संबंधी समस्याओं के निराकरण में सहायता मिलेगी।
कलेक्टर ने जनपद पंचायत बाजाग के सीईओ, एसडीओ एवं आरईएस अधिकारियों को वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही पीएचई विभाग को ग्रामीणों के लिए पेयजल की समुचित एवं नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री रामबाबू देवागंन, जनपद पंचायत बाजाग के सीईओ श्री सचिन अग्रवाल, पीएचई विभाग के श्री अफजल उल्ला खान, एसडीईओ श्री वीरसिंह तिलगाम, श्री मनोज उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक –62/ मई /2026

रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version