डिंडौरी : 07 अप्रैल,2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट ऑडिटोरियम में अशासकीय हाई एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सीबीएसई, आईसीएसई, एमपी बोर्ड सहित अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों की नवीन मान्यता, अपग्रेडेशन एवं सत्र 2027-28 के नवीनीकरण से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर जिले के समस्त अशासकीय विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने बीईओ एवं बीआरसी को निर्देशित किया कि सभी विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत आधार अपडेशन, अपार आईडी निर्माण तथा कक्षा 1 से 8 तक शत-प्रतिशत नामांकन 30 अप्रैल 2026 तक एजूकेशन पोर्टल 3.0 पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी विद्यालय शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक फीस अभिभावकों से न वसूले। अधिक शुल्क वसूले जाने की स्थिति में संबंधित विद्यालय के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सभी विद्यालयों को शासन के नियमों के पालन संबंधी शपथ पत्र एजुकेशनल पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल 10 माह के संचालन के अनुरूप ही शुल्क लें तथा किसी भी प्रकार की मनमानी फीस वसूली न करें। विद्यार्थियों के आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का संपूर्ण संकलन कर उन्हें पोर्टल पर अपलोड करना भी सुनिश्चित किया जाए।
निजी विद्यालयों में संचालित वाहनों को लेकर भी कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वाहन चालक शासन के मानकों के अनुरूप योग्य हों तथा सभी सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी छात्र-छात्रा को किसी विशेष दुकान से पुस्तकें, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य न किया जाए, बल्कि उन्हें स्वतंत्र रूप से खरीदने की सुविधा प्रदान की जाए।
कलेक्टर ने प्रत्येक अशासकीय विद्यालय में बाल सुरक्षा समिति एवं पॉक्सो समिति का गठन अनिवार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों के मुख्य द्वार पर बाल सुरक्षा, यौन शोषण से संरक्षण एवं राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के दिशा-निर्देशों से संबंधित फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा विद्यालयों में योग्य एवं पात्र शिक्षकों की नियुक्ति, लाइब्रेरी एवं खेल मैदान की उपलब्धता तथा शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के नियमित संचालन को भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल, बीईओ, बीआरसी, प्राचार्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी



