Home Uncategorized नेशनल हाईवे से महज दो किमी दूर, फिर भी सड़क को तरस...

नेशनल हाईवे से महज दो किमी दूर, फिर भी सड़क को तरस रहा चर्रा टोला

0

आंगनवाड़ी और प्राथमिक स्कूल तक पहुंचने के लिए कीचड़ से गुजरने को मजबूर बच्चे और ग्रामीण, कई शिकायतों के बाद भी नहीं बनी सड़क

शहपुरा – जिला जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिपरिया कला के पोषक ग्राम चर्रा टोला में सड़क की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गांव नेशनल हाईवे से महज करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद आज तक यहां आवागमन के लिए पक्की सड़क नहीं बन सकी है। सबसे गंभीर स्थिति यह है कि इसी मार्ग से आंगनवाड़ी केंद्र और प्राथमिक स्कूल तक बच्चों तथा ग्रामीणों को पहुंचना पड़ता है। बारिश के दिनों में कच्चा रास्ता पूरी तरह कीचड़ में तब्दील हो जाता है। ऐसे में स्कूली बच्चों के साथ ग्रामीणों को भी इसी कीचड़ भरे रास्ते से आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर भी सड़क निर्माण को लेकर अब तक कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दी है। शिकायतों के बावजूद सड़क स्वीकृति और निर्माण की दिशा में कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों और बच्चों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए चर्रा टोला की सड़क को तत्काल स्वीकृत कर निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन की समस्या खत्म हो और बच्चों को स्कूल तथा आंगनवाड़ी तक पहुंचने में परेशानी न हो।

रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version