( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
पीथमपुर में राउ-पीथमपुर मार्ग पर आज सुबह एक सड़क हादसा हुआ। सेक्टर एक थाना क्षेत्र के नगर पालिका चौराहे पर दो बाइकें आपस में टकरा गईं। इस टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार अनियंत्रित होकर पास से गुजर रहे एक ट्रक के पिछले टायर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना होते ही चौराहे पर मौजूद राहगीर और स्थानीय दुकानदार मदद के लिए आगे आए। उन्होंने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।हादसे में शामिल मोटरसाइकिलों के नंबर MP 09 VP 6275 और MP 09 ZT 5941 हैं। ट्रक का नंबर HR 73C 2219 बताया गया है। घटना के बाद घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
यह एक व्यस्त मार्ग होने के कारण हादसे के तुरंत बाद चौराहे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सूचना मिलते ही सेक्टर एक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटवाकर यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

