Home Uncategorized भीषण गर्मी से बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट, नागरिकों के लिए जारी...

भीषण गर्मी से बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट, नागरिकों के लिए जारी दिशा-निर्देश

0

डिंडौरी : 21 अप्रैल,2026
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आम नागरिकों को लू तापघात से बचाव के लिए आवश्यक दिशानिर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि तेज धूप में लंबे समय तक रहने से शरीर में पानी की कमी एवं इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन हो जाता है, जिससे तापघात की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे गर्मी के दौरान स्वयं को सुरक्षित रखने हेतु प्यास न लगने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। धूप में बाहर निकलते समय हल्के रंग के सूती वस्त्र पहनें तथा सिर को टोपी या छाते से ढंककर रखें। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए विश्वसनीय माध्यमों का अवलोकन करते रहें।
दोपहर 12 बजे से 03 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें, क्योंकि इस समय लू लगने की संभावना अधिक रहती है। चाय, कॉफी एवं मदिरा जैसे पेय पदार्थों का अत्यधिक सेवन न करें, क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी
(डिहाइड्रेशन) बढ़ाते हैं। बासी भोजन के सेवन से बचें तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करें। अधिक श्रम वाले कार्य करते समय समय-समय पर पानी पीते रहें।

यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, सिरदर्द, चक्कर आना या जी मिचलाने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तत्काल नजदीकी शासकीय चिकित्सालय में संपर्क कर प्राथमिक उपचार प्राप्त करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी गर्मी जनित बीमारियों के उपचार हेतु सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version