
पीड़ित युवती
बरेली। रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने अपने सगे भाई पर करीब दो साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने और किसी को घटना बताने पर भाई आत्महत्या करने की धमकी देता था। डर के चलते वह लंबे समय तक चुप रही। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
दो साल तक शोषण करने का लगाया आरोप
पीड़िता और उसका भाई बरेली के सैटेलाइट क्षेत्र में किराये के मकान में रहते थे। दोनों अलग-अलग निजी अस्पतालों में नौकरी करते थे। युवती के मुताबिक, उसका भाई पिछले दो साल से उसका यौन शोषण कर रहा था। विरोध करने या पुलिस से शिकायत करने की बात कहने पर वह फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी देता था। वह कहता था कि उसके मरने पर माता-पिता भी अपनी जान दे देंगे। इस कारण युवती डर के साये में रहने को मजबूर थी।
स्पाई कैमरे में रिकॉर्ड की कथित करतूत
पीड़िता ने बताया कि उसने पहले माता-पिता और अस्पताल के कर्मचारियों को अपनी आपबीती बताई, लेकिन किसी ने उसकी बात पर विश्वास नहीं किया। इसके बाद उसने सच्चाई सामने लाने के लिए एक स्पाई कैमरा खरीदा और अपने कमरे में छिपाकर लगा दिया। आरोप है कि कैमरे में भाई की कथित हरकतें रिकॉर्ड हो गईं।
दीपावली पर दातागंज स्थित घर पहुंचकर युवती ने माता-पिता को वीडियो दिखाया। हालांकि, आरोप है कि उन्होंने बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय युवती को ही नौकरी छुड़वाकर घर में रोक दिया। पीड़िता का कहना है कि उसे किसी से बात करने तक की अनुमति नहीं थी। यहां तक कि चचेरी बहनों से मिलने पर भी पाबंदी लगा दी गई थी।
इंटरनेट से नंबर निकालकर एनजीओ से मांगी मदद
परिवार से मदद नहीं मिलने पर युवती ने इंटरनेट के माध्यम से महिलाओं की मदद के लिए काम करने वाले एक एनजीओ का नंबर निकाला और संचालक साक्षी मिश्रा से संपर्क किया। शुरुआत में उन्हें भी घटना पर विश्वास नहीं हुआ, लेकिन वीडियो देखने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया।
साक्षी मिश्रा अपने पति अजितेश के साथ दातागंज पहुंचीं। पुलिस की मदद से युवती को परिजनों के घर से बाहर निकाला गया। इसके बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की गिरफ्त में बहन से रेप करने वाला भाई
अब बरेली में रहकर नौकरी करना चाहती है युवती
फिलहाल युवती बरेली में समाजसेवी साक्षी मिश्रा के घर पर रह रही है। उसका कहना है कि वह अब अपने माता-पिता के पास वापस नहीं जाना चाहती और बरेली में रहकर नौकरी करना चाहती है।
वहीं, एनजीओ संचालक साक्षी मिश्रा ने कहा कि भाई-बहन का रिश्ता बेहद पवित्र होता है, लेकिन जब घर में ही बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी तो वे न्याय और सुरक्षा के लिए कहां जाएंगी। उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने में हरसंभव मदद करने की बात कही
“भाई-बहन का रिश्ता बेहद पवित्र होता है, लेकिन यहां भाई ने ही अपनी बहन का शोषण किया। जब बेटियां घर और माता-पिता के बीच सुरक्षित नहीं रहेंगी, तो आखिर वे न्याय और सुरक्षा के लिए कहां जाएंगी।“