Home Uncategorized रबी  के लिए प्रदेश में 37.51 लाख क्विंटल बीज उपलब्ध, किसानों को...

रबी  के लिए प्रदेश में 37.51 लाख क्विंटल बीज उपलब्ध, किसानों को नहीं होगी परेशानी

0

डिंडौरी जिले में गेहूं के 874 क्विंटल, चना के 48 क्विंटल सहित प्रमुख रबी फसलों के प्रमाणित एवं आधार बीज उपलब्ध*

*डिंडौरी, 28 अक्टूबर 2026*

     आगामी रबी सीजन 2026-27 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश में कुल 37,51,994 क्विंटल बीज का भंडारण उपलब्ध है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा किसानों की मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप बीज की उपलब्धता की निरंतर समीक्षा की जा रही है, ताकि बोवनी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रदेश में शासकीय एवं अन्य अधिकृत संस्थाओं के साथ निजी बीज संस्थाओं के पास भी पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है।
      प्रदेश में मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम के पास 91,452 क्विंटल, शासकीय कृषि प्रक्षेत्रों में 12,403 क्विंटल, बीज संघ में 6,52,739 क्विंटल, राष्ट्रीय बीज निगम में 2,55,718 क्विंटल तथा अन्य अधिकृत संस्थाओं के पास 1,90,839 क्विंटल बीज उपलब्ध है। इस प्रकार संस्थागत स्तर पर कुल 12,03,151 क्विंटल तथा निजी बीज संस्थाओं के पास 25,48,843 क्विंटल बीज का भंडारण है। इसमें गेहूं, चना, मसूर, सरसों, अलसी, मटर एवं जौ जैसी प्रमुख रबी फसलों के बीज शामिल हैं।
डिंडौरी जिले में भी रबी फसलों के बीज उपलब्ध
     जिले में रबी फसल वर्ष 2026-27 के लिए प्रमाणित एवं आधार बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बीज निगम के पास मटर का 12 क्विंटल, गेहूं का 410 क्विंटल, चना का 23 क्विंटल, अलसी का 13 क्विंटल तथा मसूर का 6 क्विंटल बीज उपलब्ध है। वहीं, बीज संघ के पास गेहूं का 464 क्विंटल और चना का 25 क्विंटल बीज उपलब्ध है। इस प्रकार जिले में गेहूं का कुल 874 क्विंटल तथा चना का कुल 48 क्विंटल बीज उपलब्ध है।
        किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अधिकृत विक्रय केंद्रों एवं संबंधित सहकारी संस्थाओं से प्रमाणित बीज ही खरीदें। बीज खरीदते समय पैकेट पर लगे टैग, विक्रय बिल और बीज की वैधता की जांच अवश्य करें। यदि कोई विक्रेता निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बीज बेचता है या किसी प्रकार की अनियमितता करता है, तो किसान इसकी सूचना संबंधित जिले के कृषि विभाग के अधिकारियों को दें, ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

रिपोर्ट लीलाराम साहू डिंडोरी

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version