Home मध्य प्रदेश भोपाल बस हादसा: VIP रोड पर खंभे से टकराई RGPV कॉलेज की...

भोपाल बस हादसा: VIP रोड पर खंभे से टकराई RGPV कॉलेज की बस; 11 से ज्यादा छात्र और स्टाफ घायल, हमीदिया में इलाज जारी

0

भोपाल बस हादसा: VIP रोड पर खंभे से टकराई RGPV कॉलेज की बस; 11 से ज्यादा छात्र और स्टाफ घायल, हमीदिया में इलाज जारी

भोपाल। राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहाँ वीआईपी (VIP) रोड पर राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV) के विद्यार्थियों और स्टाफ से भरी एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि बिजली के खंभे का सहारा मिलने से बस पूरी तरह पलटने से बच गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हादसे में विद्यार्थियों और बस स्टाफ सहित करीब 11 से 15 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत एम्बुलेंस की मदद से हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।

राजा भोज प्रतिमा और कर्बला के बीच हुआ हादसा

कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक, यह बस सुबह 12 नंबर क्षेत्र और माता मंदिर इलाके से RGPV के विद्यार्थियों को लेकर जा रही थी। सुबह करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच, वीआईपी रोड पर राजा भोज प्रतिमा और कर्बला के बीच बने एक तीखे मोड़ पर बस की रफ्तार काफी अधिक थी। तेज गति होने के कारण चालक मोड़ पर बस से नियंत्रण खो बैठा। बस पहले स्पीड में डिवाइडर पर चढ़ी और फिर सीधे लोहे के बिजली के खंभे में जा घुसी।

घायलों को आईं गंभीर चोटें, हमीदिया में इलाज जारी

हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष के बीच है। घायलों में बस में ड्यूटी पर तैनात 3 स्टाफ सदस्य भी शामिल हैं। सिविल इंजीनियरिंग के छात्र बसंत के दाहिने हाथ में गंभीर फ्रैक्चर आया है, वहीं खुशी नाम की छात्रा की आंख के ऊपरी हिस्से में गहरी चोट लगी है। इसके अलावा अन्य छात्र व स्टाफ कर्मियों को शरीर पर गंभीर खरोंचें और अंदरूनी चोटें आई हैं। 3 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि बाकी घायलों का हमीदिया अस्पताल में उपचार जारी है।

हादसे से 2 मिनट पहले छात्र ने भेजा था लापरवाही का मैसेज

बस में सवार सिविल इंजीनियरिंग डिप्लोमा सेकेंड ईयर के छात्र सुमित पवार ने बताया कि आज बस करीब आधा घंटा लेट चल रही थी, जिसके कारण ड्राइवर बस को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। छात्र ने बताया कि बस की रफ्तार इतनी डरावनी थी कि हादसे से ठीक 2 मिनट पहले उसने अपने एक परिचित को मोबाइल पर मैसेज करके बताया था कि ड्राइवर बहुत लापरवाही से बस चला रहा है। उसके तुरंत बाद ही वीआईपी रोड के मोड़ पर बस का अगला टायर डिवाइडर पर चढ़ गया और चीख-पुकार मच गई।

वाइस चांसलर ने दिए जांच के आदेश, ड्राइवर हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस बल और कॉलेज प्रबंधन मौके पर पहुँचा। पुलिस ने क्रेन और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सीधा कराया और यातायात बहाल किया। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। वहीं, RGPV कॉलेज के वाइस चांसलर ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि छात्रों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ड्राइवर की इस गंभीर लापरवाही की विस्तृत जांच कराई जाएगी।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version