कटना नदी में मिला दो दिन से लापता बुजुर्ग का शव, परिवार में मचा कोहराम
बीसलपुर। थाना क्षेत्र के गांव मिघौना निवासी 65 वर्षीय अब्दुल गनी का शव शनिवार को कटना नदी से बरामद हुआ। वह दो दिन पहले घर से निकले थे, जिसके बाद से लापता थे। उनकी तलाश में पुलिस और प्रशासन की टीमों के साथ एनडीआरएफ ने भी रेस्क्यू अभियान चलाया था। शनिवार को खनंका पुलिस और एसएसबी की टीम ने नदी से उनका शव बाहर निकाला। बुजुर्ग की मौत से परिवार में शोक छा गया।
गांव मिघौना निवासी अब्दुल गनी पुत्र शहादत दो दिन पहले घर से बाहर निकले थे। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान कटना नदी किनारे झाड़ियों में उनका डंडा फंसा मिला। इसके बाद उनके नदी में डूबने की आशंका जताई गई। परिजनों के अनुसार, अब्दुल गनी पैरालिसिस से पीड़ित थे और मानसिक रूप से भी अस्वस्थ थे।
घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार हबीब अंसारी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बुजुर्ग की तलाश के लिए नदी और आसपास के क्षेत्र में अभियान चलाया गया, लेकिन पहले दिन उनका पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीएम नागेंद्र पांडेय के निर्देश पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने कटना नदी में रेस्क्यू अभियान चलाकर उनकी तलाश की।
शनिवार को खनंका पुलिस और एसएसबी की टीम ने भी तलाश अभियान चलाया। इस दौरान कटना नदी से अब्दुल गनी का शव बरामद कर बाहर निकाला गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बुजुर्ग की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि अब्दुल गनी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
