जनविश्वास अभियान जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण की अनूठी पहल : शिवराम कन्नौज
सिंघाना में आयोजित जिला स्तरीय शिविर में भाजपा जिला अध्यक्ष ने गिनाईं केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का किया आह्वान
राहुल सेन मांडव
मो
मनावर :-मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद पंचायत मनावर की ग्राम पंचायत सिंघाना स्थित हरसिद्धि मंदिर परिसर में जिला स्तरीय जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहभागिता कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे जनता के बीच पहुंचाकर आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अखिलेश कुमार जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, जिला पंचायत सदस्य शिवराम कन्नौज एवं अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद गुर्जर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनविश्वास अभियान मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का परिणाम : चंचल पाटीदार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार ने कहा कि जनविश्वास अभियान प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की दूरगामी सोच का परिणाम है। अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे जनता के बीच पहुंचाना, आम नागरिकों की समस्याओं को सुनना तथा उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। यह ऐसी अनूठी पहल है, जिसके माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि शिविर में ग्रामीणों ने शिक्षा, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से रखा। कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पाटीदार ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के स्वास्थ्य उपचार की सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है।
उन्होंने किसानों के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण, बीज, कृषि उपकरण, ड्रिप सिंचाई, खाद एवं बिजली पर सहायता तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी जैसी व्यवस्थाओं से कृषि क्षेत्र को मजबूती मिल रही है।
सिंघाना पंचायत में प्रतिमाह 23 लाख 77 हजार 500 रुपये पहुंच रही लाड़ली बहना योजना की राशि
भाजपा जिला अध्यक्ष पाटीदार ने सिंघाना पंचायत का उदाहरण देते हुए बताया कि यहां 1,585 महिलाओं को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है। प्रत्येक महिला को 1,500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से पंचायत क्षेत्र में लगभग 23 लाख 77 हजार 500 रुपये प्रतिमाह पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह राशि केवल महिलाओं की आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव स्थानीय बाजार और व्यापार पर भी पड़ता है। महिलाएं इस राशि का उपयोग घरेलू आवश्यकताओं एवं खरीदारी में करती हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों का व्यापार बढ़ता है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। उन्होंने स्वसहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की भी सराहना की।
किसानों की समस्याओं पर हुआ संवाद, ओंकारेश्वर चतुर्थ चरण का मुद्दा भी उठा
शिविर में किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ किसान देवराम पाटीदार एवं अशोक राठौड़ ने ओंकारेश्वर चतुर्थ चरण सहित किसानों से संबंधित विषयों को संवाद के माध्यम से अधिकारियों के समक्ष रखा तथा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।
वहीं मगन सिंह भाटिया एवं कुंदन पाटीदार ने बिजली से संबंधित समस्याओं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र व्यक्तियों को लाभ नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। ग्रामीणों ने अधिकारियों से इन समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने की मांग की।
किसानों को कम पानी वाली फसलों के चयन की सलाह, जल संरक्षण पर जोर
कार्यक्रम में क्षेत्र में इस वर्ष अल्पवर्षा के कारण उत्पन्न परिस्थितियों पर भी चर्चा की गई। किसानों से पानी की उपलब्धता के अनुसार फसलों का चयन करने की अपील की गई। विशेषकर जिन क्षेत्रों में सिंचाई की पर्याप्त सुविधा नहीं है, वहां कपास की कटाई के बाद चना, मसूर एवं सरसों जैसी कम पानी में तैयार होने वाली फसलों को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि धार जिले में नर्मदा आधारित सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से कृषि क्षेत्र की तस्वीर बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं। डही माइक्रो सिंचाई परियोजना, नर्मदा-धाबुआ माइक्रो सिंचाई परियोजना सहित अन्य प्रस्तावित परियोजनाओं से आने वाले वर्षों में किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
जल संरक्षण एवं ग्रामीण विकास के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश
कलेक्टर राजीव रंजन मीणा ने शिविर को संबोधित करते हुए अल्पवर्षा की स्थिति को देखते हुए जल संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने पंचायतों में तालाबों के गहरीकरण, मरम्मत एवं जल संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन गांवों में पेयजल की समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर समाधान किया जाए। पंचायत स्तर पर निराकरण योग्य समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाए तथा जिन मामलों में जिला प्रशासन के सहयोग की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव भेजे जाएं।
उन्होंने ग्रामीणों से विभिन्न विभागों के स्टॉल पर पहुंचकर शासकीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और पात्रतानुसार लाभ लेने की अपील की।
किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया : शिवराम कन्नौज
जिला पंचायत सदस्य शिवराम कन्नौज ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की मंशा है कि गरीब, किसान और जरूरतमंद व्यक्ति को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से गांवों एवं पंचायतों में जनविश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्र के किसानों की एमपीबीपी से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी शिविरों के माध्यम से कई समस्याओं का समाधान हुआ है और उन्हें विश्वास है कि आज किसानों द्वारा रखी गई समस्याओं का भी आगामी दिनों में निराकरण किया जाएगा।
स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताई आत्मनिर्भरता की सफलता की कहानी
शिविर में महिला स्वसहायता समूहों की बहनों ने भी सहभागिता की। उन्होंने समूहों के माध्यम से संचालित गतिविधियों, रोजगार के अवसरों एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। महिलाओं ने बताया कि स्वसहायता समूहों के माध्यम से उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों का सम्मान भी किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों की समस्याएं एवं आवेदन प्राप्त कर निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं ग्रामीणजन रहे उपस्थित
कार्यक्रम में मंच पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विजय राठौर, सह मीडिया प्रभारी अंकित शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य कपिल सोलंकी, गणेश जर्मन, अजजा मोर्चा जिला अध्यक्ष लाल सिंह बर्मन, मंडल अध्यक्ष प्रकाश पांडे, सोहन सोलंकी, मंडल महामंत्री गौतम परिहार, जनपद सदस्य राजू परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं हितग्राही मौजूद रहे। जनविश्वास शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हुआ।
