Home मध्य प्रदेश धार में रेल का सपना होगा शीघ्र साकार – सावित्री ठाकुर

धार में रेल का सपना होगा शीघ्र साकार – सावित्री ठाकुर

0

धार में रेल का सपना होगा शीघ्र साकार – सावित्री ठाकुर

पीथमपुर की लगभग 3 किलोमीटर लंबी टीही टनल में रेलवे टावर वैगन का सफल परीक्षण,

इंदौर–धार रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

राहुल सेन मांडव

धार। धार–महू लोकसभा क्षेत्र की जनता के लिए रेल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। इसके अंतर्गत पीथमपुर स्थित लगभग 3 किमी लंबी टीही टनल में रेलवे अधिकारियों द्वारा टावर वैगन का सफल परीक्षण किया गया है। यह परीक्षण इंदौर से धार के बीच रेल परिचालन शुरू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आगामी माह में धार की जनता को रेल कनेक्टिविटी के रूप में बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद है।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार–महू सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने इस प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि धार में रेल का सपना अब शीघ्र साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। आजादी के बाद पहली बार इंदौर से धार के बीच रेल परिचालन आरंभ होने की संभावना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की आकांक्षा पूरी होने की दिशा में मार्ग प्रशस्त होगा।

श्रीमती ठाकुर ने कहा कि रेल कनेक्टिविटी केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों का माध्यम भी है। इंदौर से धार के बीच रेल सेवा प्रारंभ होने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा धार जिले की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और आम नागरिकों को लाभ मिल सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेलमंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के नेतृत्व में देशभर में आधुनिक रेल अवसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी रेल सुविधाओं के विकास से दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। धार जैसे महत्वपूर्ण आदिवासी बहुल क्षेत्र के लिए रेल सुविधा का विस्तार विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

सावित्री ठाकुर ने रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि शेष तकनीकी एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के साथ धारवासियों का वर्षों पुराना रेल का सपना साकार होगा।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि धार के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र को प्रगति की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version