Home मध्य प्रदेश सांसद सावित्री ठाकुर ने धार रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का किया...

सांसद सावित्री ठाकुर ने धार रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

0

सांसद सावित्री ठाकुर ने धार रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

रेल परिचालन आरंभ होने से पूर्व यात्री सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

राहुल सेन मांडव
मो

धार। आज धार रेलवे स्टेशन पर चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों का धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन प्रारंभ होने से पूर्व स्टेशन पर की जा रही तैयारियों एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा संबंधित रेलवे अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रेल परिचालन प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती ठाकुर ने कहा कि आज धार रेलवे स्टेशन पर हो रहे विकास कार्यों को देखकर मन अत्यंत प्रसन्नता और गौरव से भर जाता है। धार जिले के आदिवासी अंचल सहित संपूर्ण लोकसभा क्षेत्र के लिए यह सौगात ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय है। आजादी के बाद पहली बार धार में रेल परिचालन प्रारंभ होने जा रहा है, जो क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने इस सौगात के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के समन्वित प्रयासों से धार जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य निरंतर हो रहा है। डबल इंजन की सरकार में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार नए अवसरों के द्वार खोल रहा है।

श्रीमती ठाकुर ने कहा कि धार में रेल परिचालन प्रारंभ होना केवल आवागमन की सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का नया अध्याय है। इससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, श्रमिकों, किसानों, महिलाओं एवं आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। साथ ही औद्योगिक गतिविधियों, स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वे निरंतर प्रयासरत हैं कि धार रेलवे स्टेशन तक अधिक से अधिक रेल सेवाओं का विस्तार हो, ताकि लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक अंचल के नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। धार को प्रदेश एवं देश के प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क प्रदान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

श्रीमती ठाकुर ने रेलवे अधिकारियों से कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां सुनिश्चित करें, ताकि धार में प्रारंभ होने वाला रेल परिचालन क्षेत्र की आकांक्षाओं के अनुरूप सुविधाजनक और यादगार बन सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version