Home मध्य प्रदेश SIR में धार जिले में 1.01, 836 वोटरों के नाम कटे, कांग्रेस...

SIR में धार जिले में 1.01, 836 वोटरों के नाम कटे, कांग्रेस ने उठाए सवाल

0

SIR में धार जिले में 1.01, 836 वोटरों के नाम कटे, कांग्रेस ने उठाए सवाल

राकेश शितोले

मध्य प्रदेश में 34 लाख से ज्यादा नाम हटने का दावा; कांग्रेस का ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान शुरू, 1 नवंबर को दिल्ली महारैली में शामिल होंगे धार जिले के कार्यकर्ता

धार  /  मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर धार में सियासत तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कार्यालय में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी ने बड़ा दावा किया।

क्या है आंकड़ा?
जोशी ने बताया कि मध्य प्रदेश में SIR से पहले कुल 5,74,06,143 मतदाता दर्ज थे, जो अंतिम सूची में घटकर 5,39,81,065 रह गए। यानी पूरे प्रदेश में 34,25,078 नाम हटा दिए गए।

धार जिले की बात करें तो सातों विधानसभा क्षेत्रों में पहले 17,00,963 मतदाता थे, जो पुनरीक्षण के बाद 15,99,127 रह गए हैं। इस तरह जिले में 1,01,836 मतदाताओं के नाम कम हुए हैं।

जोशी ने कहा, “मतदाता सूची का शुद्धिकरण जरूरी है, लेकिन किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार प्रभावित नहीं होना चाहिए। निर्वाचन आयोग को बताना चाहिए कि किस विधानसभा और किस बूथ पर किस कारण से नाम हटाए गए।”

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
वार्ता में कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर सवाल उठाए और उनके इस्तीफे की मांग का उल्लेख किया। पार्टी ने चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया की समीक्षा और मतदाता सूची से जुड़े फैसलों में पारदर्शिता की मांग की।

25 अक्टूबर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान
AICC के निर्देश पर 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक देशव्यापी अभियान चलेगा। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव चौपाल लगाएंगे, घर-घर संपर्क करेंगे और बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। कार्यकर्ता ‘वोट रक्षक’ के रूप में काम करेंगे और जिनके नाम गलत तरीके से कटे हैं, उनके नाम जुड़वाने और अपील करने में मदद करेंगे।

1 नवंबर को दिल्ली में महारैली
1 नवंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और INDIA गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली’ होगी। इसमें धार जिले से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके बाद 25 और 26 नवंबर को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम होगा।

भाजपा सरकार पर हमला
स्वतंत्र जोशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं के कार्यों में हस्तक्षेप कर रही है। लोकतंत्र में इन संस्थाओं की निष्पक्षता और स्वतंत्रता सबसे जरूरी है।

पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी,उपाध्यक्ष अजय सिंह ठाकुर, निर्वाचन प्रभारी पंकज लोधा, धीरज दीक्षित, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश पटेल, बाबूलाल जाट, लियाकत पटेल, धर्मेंद्र राठौड़, रोहित कामदार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version