भगवान विश्वकर्मा की भव्य शोभायात्रा से गूंजा गंज बासौदा, अखाड़े के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन!
गंज बासौदा (विदिशा)।
प्रदीप मैथिल की कड़क रिपोर्ट:
शिल्प कला के अधिष्ठाता भगवान श्री विश्वकर्मा जी की जयंती के अवसर पर आज गंज बासौदा शहर में विश्वकर्मा समाज द्वारा एक ऐतिहासिक एवं भव्य चल समारोह का आयोजन किया गया। इस विशाल शोभायात्रा में पूरे बासौदा क्षेत्र से विश्वकर्मा समाज के हजारों लोग एकजुट हुए और समाज की शक्ति व एकजुटता का अद्भुत नजारा पेश किया।
भजनों की गूंज और अखाड़े का रोमांच
शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण प्रख्यात गायक सीताराम विश्वकर्मा एवं गायक अनिल झा की सुमधुर भजन प्रस्तुतियां रहीं। उनके भक्तिमय भजनों पर श्रद्धालु झूमते और थिरकते नजर आए, जिससे पूरा शहर विश्वकर्मा मय हो गया।
समारोह जैसे ही शहर के हृदय स्थल जय स्तंभ चौक पहुंचा, वहां अखाड़ा परिषद के कलाकारों और युवाओं ने अपने हैरतअंगेज एवं साहसिक करतब दिखाए। अखाड़े के शस्त्र प्रदर्शन और हैरतअंगेज करतबों को देखने के लिए जय स्तंभ चौक पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट और “जय श्री विश्वकर्मा” के गगनभेदी जयकारों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
शोभायात्रा का हुआ भव्य स्वागत
शहर भर में विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों द्वारा चल समारोह का पुष्पवर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। जगह-जगह प्रसाद वितरण और शीतल जल की व्यवस्था की गई। समारोह का समापन महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ।
