8 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई कर्मियों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
नियमितीकरण, सीधी भर्ती, आवास सहित विभिन्न मांगों को लेकर उठाई आवाज
गंज बासौदा। सफाई कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण को लेकर अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस (रजि.) शाखा गंज बासौदा के पदाधिकारियों ने गुरुवार को एसडीएम अनुभा जैन को 8 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
ज्ञापन में मांग की गई कि विनियमितीकरण के अंतर्गत कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए। मध्यप्रदेश की नगर निगम एवं नगर पालिकाओं में सफाई ठेका पूर्णतः समाप्त किया जाए तथा सफाई कर्मचारियों को सीधे नियुक्त किया जाए। सफाई कर्मचारी के पति या पत्नी में से किसी एक की मृत्यु होने पर अनुकंपा नियुक्ति दिए जाने की मांग भी रखी गई।
संगठन ने सफाई कामगार पद पर रोस्टर प्रणाली पूर्णतः समाप्त कर सफाई वर्ग के लिए सीधी भर्ती के नियमों को शिथिल करने, सफाई कर्मचारियों को आवंटित जर्जर मकानों के स्थान पर नवीन कॉलोनियों का निर्माण कर नए मकान आवंटित करने की मांग की।
इसके अलावा नगर पालिका एवं नगर निगमों में क्षेत्रफल और जनसंख्या के अनुपात को ध्यान में रखते हुए 50 हजार नवीन नियमित सफाई कर्मचारियों की भर्ती करने तथा सफाईदार वर्ग को विशेष प्राथमिकता देने की मांग ज्ञापन में शामिल है।
ज्ञापन में नगर निगम, नगर पालिका एवं नगर परिषदों में सफाई कर्मचारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने तथा वर्ष 2004 से नियमितीकरण का लाभ नहीं मिलने वाले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को वर्ष 2025 तक नियमितीकरण का लाभ दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
संगठन पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र चर्चा कर उचित निराकरण कराने तथा संगठन को समय प्रदान करने का आग्रह किया।
प्रदीप मैथिल की रिपोर्ट
