हरिद्वार में बसों पर सख्ती, लालजीवाला पार्किंग में चला संयुक्त चेकिंग अभियान
अर्जुन धारीवाल
हरिद्वार। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लालजीवाला पार्किंग में परिवहन विभाग और यातायात पुलिस का सघन संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसकी जानकारी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने दी।
टीम में कौन-कौन शामिल
अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, संभागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आनंद वर्धन तथा परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती शामिल हैं।
संयुक्त टीम द्वारा बसों की तकनीकी स्थिति, फिटनेस, जरूरी कागजात और परमिट शर्तों की गहन जांच की जा रही है। संभागीय निरीक्षक द्वारा बसों का तकनीकी परीक्षण भी किया जा रहा है ताकि यात्रियों की सुरक्षा में कमी पाए जाने पर कार्रवाई की जा सके।
अब तक की कार्रवाई –
- 20 बसों के चालान
- 3 बसें सीज
- 10 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति
फिटनेस निरस्तीकरण पर आगे की कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी स्तर से की जाएगी। विभाग ने बस संचालकों को सख्त संदेश दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी पर कड़ी कार्रवाई होगी। लालजीवाला पार्किंग में जांच अभियान अभी जारी है और आंकड़े और बढ़ सकते हैं।
