Home मध्य प्रदेश इंदौर में DRI की बड़ी कार्रवाई: बस में बैठने से पहले 1.19...

इंदौर में DRI की बड़ी कार्रवाई: बस में बैठने से पहले 1.19 करोड़ की ड्रग्स के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार

0

इंदौर में DRI की बड़ी कार्रवाई: बस में बैठने से पहले 1.19 करोड़ की ड्रग्स के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। DRI की टीम ने तीन इमली चौराहे के पास घेराबंदी कर एक 24 वर्षीय नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के पास से अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.19 करोड़ रुपये कीमत की एम्फेटामाइन और एमडीएमए (MDMA) की गोलियां बरामद की गई हैं।

महिला निजी ट्रैवल्स की बस से पुणे भागने की फिराक में थी, लेकिन बस में चढ़ने से ठीक पहले ही मुस्तैद अधिकारियों ने उसे दबोच लिया। इंदौर में पार्टी ड्रग ‘एक्स्टेसी’ (MDMA) पकड़े जाने का यह पहला बड़ा मामला माना जा रहा है।

बैग की तलाशी में मिला करोड़ों का नशा

सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर DRI की टीम ने तीन इमली चौराहे के पास स्थित पर्पल बस ट्रेवल्स के ऑफिस के बाहर जाल बिछाया था। जैसे ही महिला वहां पहुंची, उसे हिरासत में लेकर उसके नीले रंग के डफेल बैग की तलाशी ली गई। बैग के अंदर से पुलिस को कई संदिग्ध पॉलीथिन पैकेट्स मिले।

फील्ड ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर कुल 1.4 किलोग्राम से अधिक प्रतिबंधित नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिसमें शामिल हैं:

  • एम्फेटामाइन (Amphetamine): 1,120 ग्राम (1.12 किलो)
  • एमडीएमए (MDMA / एक्स्टेसी गोलियां): 296 ग्राम
  • हाइड्रोपोनिक गांजा (Cannabis): 10 ग्राम

इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट से जुड़े तार

शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला यह पूरी खेप लेकर महाराष्ट्र के पुणे शहर में सप्लाई करने जा रही थी। DRI ने सभी नशीले पदार्थों को जब्त कर विदेशी महिला के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

अब केंद्रीय एजेंसियां इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही हैं कि इंदौर में इस इंटरनेशनल ड्रग सिंडिकेट के तार किन-किन स्थानीय सप्लायरों और ड्रग पेडलर्स से जुड़े हुए हैं।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version