मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 1 के वार्ड 12 दी 2.25 करोड़ की अमृत 2.0 नर्मदा लाइन की सौगात
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ किया भूमिपूजन
आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों को मंच पर बुलाकर जनता के सामने खड़ा किया और जानकारी देने को कहा
भरी सभा में अधिकारियों को आकाश विजयवर्गीय ने जनता की अदालत में किया पेश, माइक थमाकर जानकारी देने को कहा
40 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन से 25 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगी पेयजल की स्थाई सुविधा – आकाश विजयवर्गीय
इंदौर – बुधवार दिनांक 2 सितंबर को नगरीय प्रशासन मंत्री कैलास विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय एवं महापौर ने विधानसभा 1 के वार्ड 12 को 2 करोड़ 25 लाख की लागत की अमृत 2.0 नर्मदा लाइन का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आकाश विजयवर्गीय ने विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों से जवाब मांगा और उनसे कहा कि आप यहां पर उपस्थित जनता को यह बतलाइये कि नर्मदा लाइन के इस प्रोजेक्ट का कार्य कब तक पूरा होगा और योजना से कितनी कॉलोनियां और कितने लोगों को फायदा मिलेगा। उन्होंने नगर नगम के अधिकारियों को मंच पर बुलाकर जनता को जानकारी देने को कहा।
जनता को विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने का पूरा हक है – आकाश विजयवर्गीय
आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि विकास कार्य समय पर शुरू हो और समयावधि में पूर्ण हो इसके लिए जिन अधिकारियों की जवाबदारी है वह मंच पर आए और समस्त जानकारी विस्तार से जनता को दें। उन्होंने कहा कि चल रहे विकास कार्यों के संबंध में सभी को जानने का हक है। अधिकारी गण और निगम इंजीनियर शुभम ने जानकारी देते हुए कहा कि नर्मदा की यह पाइप लाइन 40 किलोमीटर लंबी होगी और 6 महीने में इसका काम पूर्ण होगा। इस नर्मदा लाइन का फायदा गंगा बाग कॉलोनी, कुशवाह श्री नगर, कमला नगर, भगत सिंह नगर, गोविंद नगर, राजबाग कॉलोनी, यादव नगर, कर्मा नगर, शीतल नगर के रहवासियों को मिलेगा। इस लाइन का कार्य कल यानी गुरुवार 3 अगस्त से शुरू हो जाएगा। संकरे रोड होने के कारण कार्य मशीनों की बजाय मानव श्रम से किया जाएगा, जिससे थोड़ा कार्य में वक्त लग सकता है। रहवासियों को कार्य से तकलीफ ना हो इसका खास ख्याल रखा जाएगा। आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों से कहा कि कार्य में किसी तरह की कोताही नहीं होना चाहिये और कार्य के पूर्ण होने पर जनता की पेयजल की समस्या का समाधान पूरी तरह से होना चाहिये। कार्य पूर्ण होना जिम्मेदारियों से मुक्त होना नहीं है, जनता को इसका लाभ मिलना चाहिये। इसी गंभीरता से आपको कार्य करना है।
शिक्षा से लेकर पेयजल तक की हो रही है बेहतर व्यवस्था – आकाश विजयवर्गीय
उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि नर्मदा जल की यह महत्वाकांक्षी योजना सुचारु रूप से व्यवस्थित तरीके से हो इसलिए आज हमने नगर निगम के अधिकारियों और महापौर जी से लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को बुलाया है। जबसे कैलाश विजयवर्गीय जी विधायक बने हैं तबसे हमने क्षेत्र की समस्याओं को समझा है और सड़क, ड्रेनेज से लेकर पेयजल हर मोर्चे पर कार्य कर रहे हैं और ज्यादतर समस्याओं का क्षेत्र में समाधान हो चुका है और यदि कहीं कोई समस्या है और उसको प्राथमिकता के आधार पर हल करने की कोशिश की जा रही है। स्कूलों को माडर्न बनाने का काम किया जा रहा है। स्कूलों में बेहतर फर्नीचर, कम्प्यूटर, वाटर कूलर आदी की व्यवस्था की गई है। इसी तरह आंगनवाड़ियों को सर्वसुविधा युक्त किया जा रहा है। सबको अच्छा स्वास्थ मिले इसके लिए संजीवनी क्लिनीक की व्यवस्था की गई है। क्षेत्र के गार्डन में झूले और ओपन जिम की व्यवस्था की गई है। कैलाश विजयवर्गीय जी ने इस विधानसभा को कैंसर मुक्त करनेका संकल्प लिया है इसलिए यदि किसी को कैंसर है तो उनके लिए कैलाश विजयवर्गीय जी की ओर से शहर के चुनिंदा अस्पतालों में मुफ्त सर्जरी की व्यवस्था की गई है।
शहर में बन रही है 40 पानी की टंकियां- पुष्यमित्र भार्गव
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि देश में दो शहर ऐसे हैं जहां सबसे महंगा पानी मिलता है पहले नंबर पर शिमला है और दूसरे नंबर पर इंदौर है। इंदौर में प्रति व्यक्ति पानी की लागत 1 हजार रुपये है। हमारे यहा 70 किलोमीटर दूर से पानी आता है। शहर में पानी के लिए 40 टंकियां बन रही है। नर्मदा का चौथा चरण का काम शुरु हो गया है और यह पानी 2047 तक के लिए पर्याप्त होगा।
क्षतिग्रस्त लाइनों को बदला जाएगा
इस लाइन के डलने से स्थानीय रहवासियों की करीब 25 साल पुरानी मांग पुरी हो जाएगी। कई जगहों पर पेयजल पाइप के पुरानी और क्षतिग्रस्त होने से पानी के मटमैला होने की शिकायतें आ रही है और साथ ही कुछ स्थानों पर वर्तमान में बोरवेल से पानी सप्लाई किया जा रहा है। इस नर्मदा लाइन के डलने के बाद सभी स्थानों पर सभी रहवासियों को नर्मदा जल उपलब्ध होगा। इस पाइप लाइन का लाभ क्षेत्र की 25 हजार से ज्यादा की आबादी को मिलेगा।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आकाश विजयवर्गीय का हार-फूलों, ढोल-ताशों से भव्य स्वागत किया। शुभारंभ के अवसर पर पार्षद सीमा कृष्ण वल्लभ डाबी, मंडल अध्यक्ष , भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता औऱ बड़ी संख्या में स्थानीय रहवासी मौजूद थे।


