Home मध्य प्रदेश इंदौर: गाय चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज...

इंदौर: गाय चोरी के शक में युवक की बेरहमी से पिटाई, इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने लगाया ‘जाट गैंग’ पर आरोप

0

इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र से मॉब लिंचिंग जैसी एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां निरंजनपुर इलाके में एक 35 वर्षीय युवक की गाय चोरी के संदेह में बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के परिजनों ने इलाके में सक्रिय ‘जाट गैंग’ पर घर से अगवा कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

यह भी पढ़े

Delhi Crore Rupees Loot: राजधानी दिल्ली में बेखौफ बदमाश, पिस्तौल की नोक पर व्यापारी से लूटे ₹1 करोड़

बात करने के बहाने घर से ले गए थे आरोपी

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान चंदर (35) के रूप में हुई है। चंदर के परिवार का आरोप है कि रोहित और कुणाल नाम के युवक पंचवटी कॉलोनी स्थित उनके घर आए थे। वे चंदर को यह कहकर अपने साथ ले गए कि कुछ जरूरी बात करनी है। इसके बाद आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गए और गाय चोरी का आरोप लगाते हुए लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

अस्पताल में तोड़ा दम, डेयरी संचालक से जुड़ा विवाद

लसूड़िया थाना पुलिस मंगलवार शाम करीब 6 बजे लहूलुहान हालत में मिले चंदर को उपचार के लिए एमवाय (MY) अस्पताल लेकर पहुंची थी। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी और देर रात करीब 12:30 बजे चंदर ने दम तोड़ दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ पंचवटी गेट पर स्थित एक दूध डेयरी से जुड़ी है। डेयरी संचालक भूरा ने पुलिस को बताया कि 7 सितंबर की रात को उसकी एक गाय और बछड़ा चोरी हो गए थे। अगले दिन 8 सितंबर को देवास नाका के पास मेट्रो मॉल के पास उन्हें अपनी गाय बंधी मिली। इसी दौरान वहां चंदर से उनका विवाद हुआ, जिसके बाद भीड़ और आरोपियों ने मिलकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया।

‘जाट गैंग’ के मुख्य संदिग्धों का है आपराधिक रिकॉर्ड

इस मामले में पुलिस की राडार पर मुख्य रूप से सूरज जाट, रोहित और कुणाल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी सूरज जाट और उसके भाई लखन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ परदेशीपुरा और एमआईजी थानों में हत्या और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस के डर से इन आरोपियों ने अपना पुराना ठिकाना बदलकर लसूड़िया क्षेत्र में डेरा डाला था, जहां वे ‘जाट गैंग’ के नाम से सक्रिय थे।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीमें

युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। लसूड़िया थाना पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही सभी को हिरासत में ले लिया जाएगा।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version