जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। 11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुए आतंकी हमले का मास्टरमाइंड और लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में मारा गया। एनकाउंटर से पहले सुरक्षाबलों ने उसे वीडियो कॉल कर आत्मसमर्पण करने का मौका दिया था, जिसे उसने ठुकरा दिया।
कुलगाम (जम्मू-कश्मीर):
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के देवसर इलाके स्थित जांगलपोरा गांव में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर लतीफ भट मारा गया। पुलिस ने लतीफ पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। वह 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF नाके पर हुए आतंकी हमले का मुख्य आरोपी था, जिसमें तीन जवान घायल हो गए थे।
वीडियो कॉल पर बोला- ‘मुझे अल्लाह से मिलना है’
सुरक्षाबलों को जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में आतंकी लतीफ भट के छिपे होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही भारतीय सेना की 9 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। धार्मिक स्थल की मर्यादा बनाए रखने और मस्जिद को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षाबलों ने बेहद संयम बरता और लतीफ को सरेंडर करने का पूरा अवसर दिया।
कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनायत अली चौधरी और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल पर लंबी बातचीत की और उसे हथियार डालकर जान बचाने की अपील की। इस बातचीत के सामने आए वीडियो में आतंकी यह कहता सुनाई दे रहा है कि वह सरेंडर नहीं करेगा, वह बहुत खुश है और उसे ‘अल्लाह से मुलाकात करनी है’।
मस्जिद के अंदर से की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में ढेर
सरेंडर की अपील ठुकराने के बाद आतंकी ने रात करीब 2:45 बजे मस्जिद के अंदर से सुरक्षाबलों पर भारी फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने स्थिति को संभालते हुए पहले आंसू गैस के गोले छोड़े और फिर आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में लतीफ भट को मार गिराया।
साल 2025 की शुरुआत में घर से लापता होकर आतंकी संगठन में शामिल होने वाले लतीफ भट के करीबी साथी उमर निसार डार को भी सुरक्षाबलों ने दो दिन पहले ही लारू इलाके में हुए एक एनकाउंटर में ढेर किया था। पिछले छह महीनों के भीतर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के चार बड़े कमांडरों का सफाया कर आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।
