Home मध्य प्रदेश मां ताप्ती तट से तीन दिवसीय धर्मध्वजा कांवड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ

मां ताप्ती तट से तीन दिवसीय धर्मध्वजा कांवड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ

0

मां ताप्ती तट से तीन दिवसीय धर्मध्वजा कांवड़ यात्रा का भव्य शुभारंभ
अभिषेक-पूजन के बाद हिवरा के लिए रवाना हुई यात्रा, गांव-गांव हो रहा पूजन
फोटो –
बैतूल। श्रावण मास के पावन अवसर पर राष्ट्रीय हिंदू सेना के तत्वावधान में तीन दिवसीय धर्मध्वजा पद कांवड़ यात्रा का रविवार को मां ताप्ती तट मुलताई से भव्य शुभारंभ हुआ। कांवड़ियों ने मां ताप्ती के प्राचीन मंदिर और कुंडों में अभिषेक व विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद मां ताप्ती कुंड की परिक्रमा कर धर्मध्वजा और पवित्र जल से भरी कांवड़ लेकर यात्रा मां भवानी मंदिर, हिवरा के लिए रवाना हुई।
राष्ट्रीय हिंदू सेना युवा मंत्री राज यादव ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी यात्रा आस्था, भक्ति, समर्पण और संकल्प के साथ आयोजित की जा रही है। यात्रा में मां ताप्ती, मुलताई से पवित्र जल एवं जल से भरे कलश लेकर कांवड़ यात्री हिवरा स्थित मां भवानी मंदिर पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान गांव-गांव मां ताप्ती जल से भरे कलश का पूजन और आरती की जा रही है।
युवा जिला महामंत्री राज पाटीदार ने बताया कि यात्रा प्रारंभ होने से पहले कांवड़ियों ने मां ताप्ती के प्राचीन मंदिर एवं ताप्ती कुंडों में अभिषेक कर विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद कुंड की पवित्र परिक्रमा कर धर्मध्वजा और कांवड़ के साथ यात्रा शुरू की गई। यात्रा में बड़ी संख्या में भोलेनाथ के भक्त, कांवड़ यात्री तथा राष्ट्रीय हिंदू सेना के पदाधिकारी और सदस्य श्रद्धा एवं उत्साह के साथ शामिल हुए।
– मासोद के समीप होगा रात्रि विश्राम
जिला युवा सह मंत्री अमित यादव ने बताया कि यात्रा का पहला रात्रि विश्राम मासोद के समीप रहेगा। इसके बाद कांवड़ यात्री पुनः मां भवानी मंदिर हिवरा के लिए प्रस्थान करेंगे। तीन दिवसीय यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों में मां ताप्ती जल से भरे कलश का पूजन और आरती की जा रही है।
– मुलताई रोड पर हुआ भव्य स्वागत
नगर अध्यक्ष शनि साहू ने बताया कि कांवड़ पूजन कार्यक्रम में नमामि देवी नर्मदा प्रकल्प के जिला संयोजक एवं गौ क्रांति दल के अध्यक्ष दिनेश कालभोर, समाजसेवी गोलू उघड़े, गायत्री परिवार सदस्य उत्तम गायकवाड़, भाजपा नेत्री सुश्री माधुरी साबले, गायत्री परिवार सदस्य गोविंदराव निंबालकर, सेन समाज अध्यक्ष आनंद आस्कर, समाजसेवी भूपेंद्र पाठक सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे। मुलताई से प्रस्थान के बाद मुलताई रोड पर दिनेश कालभोर ने यात्रा का भव्य स्वागत किया। ताईखेड़ा में भूपेंद्र पाठक एवं ग्रामीणों ने भोजन प्रसादी कराई और पूजन किया, जबकि आष्टा में मां ताप्ती जल से भरे कलश का पूजन किया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version