Home मध्य प्रदेश महाकाल मंदिर में रील बनाना पड़ा महंगा: इंदौर विधायक गोलू शुक्ला के...

महाकाल मंदिर में रील बनाना पड़ा महंगा: इंदौर विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष के VIP दर्शन पर 1 साल का प्रतिबंध, 3 गार्ड बर्खास्त

0

महाकाल मंदिर में रील बनाना पड़ा महंगा: इंदौर विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष के VIP दर्शन पर 1 साल का प्रतिबंध, 3 गार्ड बर्खास्त

उज्जैन/इंदौर

विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर के प्रतिबंधित क्षेत्र में मोबाइल ले जाकर रील बनाना इंदौर-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को भारी पड़ गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और संतों व आम श्रद्धालुओं की नाराजगी के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने रुद्राक्ष शुक्ला पर सख्त कार्रवाई करते हुए उनके वीआईपी (VIP) और प्रोटोकॉल दर्शन पर एक साल के लिए प्रतिबंध लगा दिया है।

मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अब अगले एक वर्ष तक रुद्राक्ष शुक्ला को मंदिर के विशेष मार्गों से प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्हें आम श्रद्धालुओं की तरह ही सामान्य कतार में लगकर बाबा महाकाल के दर्शन करने होंगे।

क्या है पूरा मामला?
हाल ही में रुद्राक्ष शुक्ला प्रोटोकॉल के तहत महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, कुंड, गर्भगृह गलियारे और चांदी द्वार जैसे अत्यधिक प्रतिबंधित क्षेत्रों में मोबाइल से लगभग डेढ़ मिनट की रील शूट की और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। मंदिर में आम भक्तों के लिए मोबाइल ले जाने और फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी करने पर पूरी तरह रोक है। ऐसे में नियमों को तोड़कर वीडियो बनाने पर मंदिर प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए थे।

सुरक्षा एजेंसी पर 5 लाख का जुर्माना, 3 गार्ड नौकरी से निकाले गए
मामले की जांच में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की घोर लापरवाही सामने आई, जो नियमों का पालन कराने के बजाय वीडियो बनवाते और आवभगत करते नजर आए। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए मंदिर समिति ने:

  • सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही निजी एजेंसी ‘कोर सिक्योरिटी सर्विसेज’ पर 5 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया है।
  • ड्यूटी पर तैनात तीन सुरक्षाकर्मियों (प्रवीण पाल, गौरव गुर्जर और मधु नागर) को तत्काल प्रभाव से सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं विधायक पुत्र
गौरतलब है कि रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिरों में नियमों के उल्लंघन को लेकर विवादों में आने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले अप्रैल 2025 में देवास स्थित माता टेकरी पर देर रात पट बंद होने के बाद जबरन खुलवाने और पुजारी से विवाद के मामले में भी उन पर केस दर्ज हुआ था। वहीं, महाकाल मंदिर के गर्भगृह में भी बिना अनुमति प्रवेश को लेकर वे सुर्खियों में रह चुके हैं।

ताजा कार्रवाई के बाद मंदिर प्रबंध समिति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि बाबा महाकाल के दरबार में नियम सभी के लिए समान हैं और मर्यादा भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version