Home मध्य प्रदेश करवाचौथ का व्रत न रखने पर थाने पहुंचा पति, पुलिस से की...

करवाचौथ का व्रत न रखने पर थाने पहुंचा पति, पुलिस से की पत्नी की शिकायत, बोला- ‘व्रत नहीं रखा तो दे दूंगा तलाक’

0

करवाचौथ का व्रत न रखने पर थाने पहुंचा पति, पुलिस से की पत्नी की शिकायत, बोला- ‘व्रत नहीं रखा तो दे दूंगा तलाक’

शिवपुरी (मध्य प्रदेश): करवाचौथ के त्योहार पर जहाँ आमतौर पर पति-पत्नी के बीच प्यार और उपहारों की चर्चा होती है, वहीं मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला और अनोखा मामला सामने आया है। यहाँ एक पति अपनी पत्नी द्वारा करवाचौथ का व्रत न रखने और उसके लिए लंबी उम्र की दुआ न करने की शिकायत लेकर थाने पहुँच गया। पीड़ित पति ने बकायदा लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।

क्या है पूरा मामला?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस आवेदन पत्र के अनुसार, मामला बदरवास थाने के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिजरावन का है। यहाँ के निवासी बारेलाल आदिवासी (उम्र 30 वर्ष, पिता लालू आदिवासी) ने थाना प्रभारी को एक शिकायती पत्र सौंपा है।

बारेलाल ने अपने आवेदन में विषय लिखा है: “प्रार्थी की पत्नी द्वारा प्रार्थी के लिये करवाचौथ का व्रत न रखने बावत।”

आवेदन में पति ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़ित पति ने अपनी अर्जी में लिखा है कि उसकी पत्नी मिथलेश आदिवासी उसके साथ बेवफाई कर रही है। उसने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी न तो उसके लिए करवाचौथ का व्रत रख रही है और न ही चाँद की पूजा कर रही है। बारेलाल का कहना है कि जब उसने अपनी पत्नी से कहा कि वह चाँद देख ले ताकि उसकी (पति की) उम्र बढ़ जाए, तो पत्नी ने साफ इनकार कर दिया। पति ने आवेदन में यह अजीबोगरीब दावा भी किया कि उसकी पत्नी उसे मारना चाहती है।

‘पूजा नहीं की तो दे दूंगा तलाक’

थाने में दिए गए आवेदन के आखिरी हिस्से में पति ने सख्त लहजा अपनाते हुए लिखा है कि अगर इस बार उसकी पत्नी ने उसके लिए पूजा नहीं की, तो वह उसे तलाक दे देगा। बारेलाल ने पुलिस से इस पूरे मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है और आवेदन के नीचे अपने हस्ताक्षर भी किए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ शिकायती पत्र

थाने की मुहर लगा यह आवेदन पत्र अब इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इस अनोखे पारिवारिक विवाद को देखकर हैरान हैं। आमतौर पर घरेलू विवादों में मारपीट या प्रताड़ना के मामले पुलिस के पास आते हैं, लेकिन पत्नी द्वारा व्रत न रखने पर तलाक की धमकी और पुलिस कार्रवाई की मांग का यह अपने आप में एक बेहद दुर्लभ मामला है।


NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version