Home मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले जिला पंचायत सदस्य शिवराम कन्नौज, सौंपा मांग...

मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले जिला पंचायत सदस्य शिवराम कन्नौज, सौंपा मांग पत्र

0

मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिले जिला पंचायत सदस्य शिवराम कन्नौज, सौंपा मांग पत्र_

मनावर को जिला बनाने, पुलिस व्यवस्था सुदृढ़ करने, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण सड़कों के निर्माण सहित क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया

राहुल सेन मांडव
मो

मनावर:- मनावर विधानसभा क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के निराकरण और आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोकप्रिय जिला पंचायत सदस्य शिवराम गोपाल कन्नौज ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न प्रमुख मांगों को उनके समक्ष रखा इस दौरान उन्होंने मनावर विधानसभा क्षेत्र की जनभावनाओं, लंबे समय से लंबित आवश्यकताओं तथा विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मुख्यमंत्री से विस्तारपूर्वक चर्चा की

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान शिवराम गोपाल कन्नौज ने कहा कि मनावर विधानसभा क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत होने के साथ ही ग्रामीण एवं आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है यहां के लोगों को प्रशासनिक कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कानून-व्यवस्था, सिंचाई तथा आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्होंने विभिन्न मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं।

मनावर को जिला बनाने की मांग उठाई

मनावर को जिला बनाने की मांग प्रमुखता से रखते हुए शिवराम गोपाल कन्नौज ने कहा कि मनावर की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या, प्रशासनिक आवश्यकताओं एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सुविधा को देखते हुए इसे जिला घोषित किया जाना आवश्यक है। मनावर जिला बनने से प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी, लोगों को सरकारी कार्यों के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने से राहत मिलेगी तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी।

उमरबन पुलिस चौकी को थाना बनाने और कालीबावड़ी में नई चौकी स्थापित करने की मांग

क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उमरबन की वर्तमान पुलिस चौकी को पुलिस थाने में उन्नयन करने की मांग रखी गई। इसके साथ ही ग्राम पंचायत कालीबावड़ी में नवीन पुलिस चौकी स्थापित करने का आग्रह किया गया। इन व्यवस्थाओं के विस्तार से आसपास के गांवों में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी तथा ग्रामीणों को पुलिस संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

मनावर अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की स्थायी नियुक्ति

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताते हुए शासकीय अस्पताल मनावर में स्थायी हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक डॉक्टर) की नियुक्ति की मांग की गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं एवं हड्डियों से संबंधित बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। मनावर अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति होने से क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा तथा समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी।

शासकीय महाविद्यालय का नाम जननायक बिरसा मुंडा के नाम पर करने का आग्रह

जनजातीय समाज के गौरव, इतिहास एवं महापुरुषों के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय महाविद्यालय मनावर का नाम बदलकर “जननायक बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय मनावर” किए जाने की मांग रखी गई। उन्होंने कहा कि जननायक बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए समर्पण का प्रतीक है। उनके नाम पर महाविद्यालय का नामकरण होने से विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी और क्षेत्र में जनजातीय गौरव एवं ऐतिहासिक चेतना को बढ़ावा मिलेगा।

ओंकारेश्वर नहर के चतुर्थ चरण को उन्नत कर चालू करने की मांग

किसानों की समृद्धि एवं कृषि विकास को प्राथमिकता देते हुए मनावर क्षेत्र में ओंकारेश्वर नहर के चतुर्थ चरण का उन्नयन कर उसे सुचारु रूप से चालू करने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी गई। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने से किसानों को पर्याप्त पानी मिल सकेगा, कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने से क्षेत्र में कृषि विकास की नई संभावनाएं भी पैदा होंगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में नवीन सड़कों के निर्माण पर जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने तथा गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के लिए ग्राम पेरखड़, बिजावयड़ी, झापड़ी, बालीपुर बुजुर्ग, सावलाखेड़ी सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नवीन सड़कों के निर्माण की मांग की गई। उन्होंने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। सड़कों का निर्माण होने से किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार, रोजगार और विकास के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

मुख्यमंत्री ने मांगों को गंभीरता से सुना, निराकरण का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मनावर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित सभी मांगों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और जनहित एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया। उन्होंने मांगों के निराकरण एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत सदस्य शिवराम गोपाल कन्नौज को स्नेह एवं आशीर्वाद भी प्रदान किया।
भाजपा ग्रामीण धार जिला मीडिया प्रभारी विजय राठौर सिंघाना ने बताया कि
मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों को रखने के बाद क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है। जिला पंचायत सदस्य शिवराम गोपाल कन्नौज ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आत्मीयता, सहयोग एवं सकारात्मक आश्वासन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनावर विधानसभा क्षेत्र के विकास, जनहित तथा जनता की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version