‘फैमिली आईडी बनाने में लाएं तेजी, पात्र परिवारों तक पहुंचें जनसेवा केंद्र संचालक’
:- एसडीएम व ईओ ने ली जनसेवा केंद्र संचालकों की बैठक, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
:- ‘एक परिवार, एक पहचान’ अभियान के तहत फैमिली आईडी को प्राथमिकता से बनाने पर दिया जोर
कैराना। शासन के ‘एक परिवार, एक पहचान’ अभियान के तहत पात्र परिवारों की फैमिली आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के लिए जनसेवा केंद्र संचालकों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान एसडीएम शिवाजी यादव एवं नगरपालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी समीर कुमार कश्यप ने संचालकों को अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र परिवारों की फैमिली आईडी प्राथमिकता के आधार पर बनवाने तथा आमजन को इसके महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए है।
शनिवार को ईओ के कैम्प कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक में एसडीएम शिवाजी यादव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप फैमिली आईडी निर्माण के कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। जनसेवा केंद्र संचालक अपने क्षेत्रों में ऐसे पात्र परिवारों तक पहुंच बनाएं, जिनकी अभी तक फैमिली आईडी नहीं बनी है। ऐसे परिवारों का आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि फैमिली आईडी के माध्यम से परिवार के सदस्यों से संबंधित आवश्यक जानकारी एक स्थान पर उपलब्ध हो सकेगी। इससे पात्र परिवारों एवं लाभार्थियों की पहचान करने के साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने में सहूलियत मिलेगी।
एसडीएम ने कहा कि फैमिली आईडी महज एक नंबर अथवा कार्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवार की डिजिटल पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम है। आने वाले समय में पात्र लोगों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसलिए इसके निर्माण में अनावश्यक देरी न की जाए। ईओ समीर कुमार कश्यप ने भी जनसेवा केंद्र संचालकों से अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। बैठक में फैमिली आईडी निर्माण को गति देने, पात्र परिवारों तक पहुंच बनाने तथा लोगों को इसके प्रति जागरूक करने समेत विभिन्न बिंदुओं पर दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में 84 जनसेवा केंद्र संचालकों ने भाग लिया। इस दौरान पालिका लिपिक रविंद्र कुमार, श्रम विभाग से मुनव्वर जंग व गुलजार अंसारी समेत संबंधित कर्मचारी एवं जनसेवा केंद्र संचालक मौजूद रहे।
सचित्र..
