टिहरी गढ़वाल (उत्तराखंड): उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार (17 नवंबर) सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई (गदेरे) में जा गिरी। पुलिस प्रशासन और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।
हरिद्वार से रवाना हुई थी बस, 30-35 यात्री थे सवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्वनाथ सेवा की यह यात्री बस मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी। सुबह लगभग 5:30 बजे जब बस गूलर बाजार के समीप एक पुल से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा समाई। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, दुर्घटना के समय बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
SDRF और पुलिस ने संभाला मोर्चा, घायलों को भेजा गया एम्स ऋषिकेश
हादसे की सूचना मिलते ही मुनिकीरेती थाना पुलिस, गूलर, शिवपुरी और ब्यासी पुलिस चौकी की टीमों के साथ-साथ ब्यासी और ढालवाला पोस्ट से राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बचाव दलों ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
जिला मजिस्ट्रेट (DM) नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे भी राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लेने घटनास्थल के लिए रवाना हुए। प्रशासन की ताजा जानकारी के मुताबिक, खाई से अब तक करीब 20 घायल यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एम्बुलेंस की मदद से उपचार के लिए एम्स (AIIMS) ऋषिकेश और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मौके पर अभी भी सर्च और रेस्क्यू अभियान जारी है।
