( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
निगम का दावा, बहुत से कर्मचारी हड़ताल से लौटे, कचरा संग्रहण गाड़ी के सहायक ड्यूटी पर तो आए लेकिन काम नहीं किया
एनटीवी टाइम न्यूज इंदौर/ इंदौर। सफाई मित्रों (Sanitation Workers) द्वारा स्थायी करने की मांग को लेकर कल से शुरू की गई 5 दिन की हड़ताल (strike) आज दूसरे दिन भी जारी रही। इसके साथ ही एमआईजी कॉलोनी (MIG Colony) क्षेत्र में सड़क पर कचरा फेंक (garbage dumped) दिए जाने का मामला सामने आया है। निगम का दावा है कि अधिकांश हड़ताली कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। इसमें हकीकत यह है कि घर-घर से कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ी पर जो सहायक आज काम पर लौटकर आ गए हैं, वह भी काम नहीं कर रहे हैं।
सफाई मित्र के रूप में काम कर रहे कर्मचारियों में से अधिकांश या तो दैनिक वेतनभोगी हैं या फिर आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से निगम में आकर काम कर रहे हैं। ऐसे में इन कर्मचारियों का वेतन बहुत ही न्यूनतम है। इन कर्मचारियों द्वारा स्वयं को स्थायी करने की मांग को लेकर कल से 5 दिन की हड़ताल शुरू की गई है। एक यूनियन के आह्वान पर शुरू हुई इस हड़ताल का असर शहर में नजर आने लगा है। कल दोपहर में कर्मचारियों द्वारा नगर निगम के मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान ज्ञापन लेने के लिए पहुंचे उपायुक्त केएस सगर को इन कर्मचारियों ने वापस भेज दिया। प्रदर्शन के दौरान निगम के गेट पर चूड़ियां भी फेंकी गईं। बाद में जब अपर आयुक्त प्रखर सिंह ज्ञापन लेने के लिए पहुंचे, तब जाकर इन कर्मचारियों ने ज्ञापन दिया। आज नगर निगम की ओर से आधिकारिक तौर पर यह दावा किया गया है कि अधिकांश कर्मचारी हड़ताल छोड़कर काम पर लौट आए हैं। इस दावे की हकीकत यह थी कि घर-घर से कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ी पर सहायक के रूप में काम करने वाले कर्मचारी, जो कल नहीं आए थे, वे आज काम पर तो जरूर आ गए, लेकिन उनके द्वारा काम नहीं किया जा रहा है। इन कर्मचारियों द्वारा गाड़ी के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचने पर क्षेत्र के नागरिकों को यह जानकारी दी जा रही है कि वह हड़ताल पर हैं। ऐसे में आप खुद गाड़ी में कचरा अपने हाथों से डालिए। आज सुबह एमआईजी क्षेत्र में कुछ लोगों ने सड़क पर कचरा फेंक दिया, जिसके कारण पूरी सड़क कचरे से भरी हुई नजर आने लगी।

2 दिन से नहीं उठी गाद
नेहरू नगर में नगर निगम द्वारा बैक लाइन को सीमेंट कांक्रीट की बनाने का काम करवाया जा रहा है। इस काम को कर रहे ठेकेदार द्वारा रविवार को बैक लाइन से बहुत सारी गाद निकालकर उसका ढेर लगा दिया गया था। यह गाद 3 दिन बीतने के बाद आज तक नहीं उठी है। इसके कारण उस क्षेत्र में बदबू फैल रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निगम के अधिकारियों का कहना है कि कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के कारण यह स्थिति बन रही है।