( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
एनटीवी टाइम न्यूज इंदौर/ इंदौर। प्रदेश के नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा स्वच्छता के नए नियमों पर कल इंदौर संभाग के जनप्रतिनिधियों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस आयोजन में राजस्थान के स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर केके गुप्ता जब स्वच्छता क्या होती है यह समझाने लगे तो जनप्रतिनिधियों ने उनका जमकर विरोध कर दिया।
कार्यशाला में भाग लेने के लिए पूरे इंदौर संभाग के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष पहुंचे थे। कार्यशाला के समापन सत्र को संभाग आयुक्त सुदाम खाड़े, महापौर पुष्यमित्र भार्गव के अलावा राजस्थान के स्वच्छता के ब्रांड एम्बेसडर तथा डूंगरपुर में स्वच्छता का काम करने वाले केके गुप्ता ने संबोधित किया। इस दौरान जब गुप्ता इन जनप्रतिनिधियों को स्वच्छता का मतलब समझाने लगे और अपने अनुभव बताने लगे तो जनप्रतिनिधि भडक़ गए। तत्काल कुछ जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाते हुए उनसे अपनी बात को समाप्त करने के लिए कह दिया।
इस तरह खुला विरोध होने के बाद गुप्ता ने अपनी बात को विराम दिया। फिर महापौर और खाड़े ने अपनी बात रखी। संभाग आयुक्त ने स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और जनता के सहयोग से काम करने पर बल दिया। महापौर ने कहा कि स्वच्छता के नियमों में इंदौर के कामकाज को ध्यान में रखते हुए ही संशोधन किया गया है। जो काम हम कर चुके हैं, वही संशोधित करते हुए नियम बनाए गए हैं।
