( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
एनटीवी टाइम न्यूज पीथमपुर/ औद्योगिक नगर पीथमपुर में नगर पालिका क्षेत्र के 200 से अधिक अस्थाई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपनी 8 सूत्रीय मांगों को लेकर सफाई मित्र 5 अक्टूबर से लगातार आंदोलन पर हैं। 5 से 10 अक्टूबर तक चलने वाली इस हड़ताल के चलते शहर के मुख्य चौराहों, व्यावसायिक बाजारों और रिहाइशी गलियों में जगह-जगह कचरे का अंबार लगने लगा है, जिससे आम जनता को भारी दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा सताने लगा है।
सफाई कामगारों की प्रमुख मांगों में न्यूनतम वेतन बढ़ाकर ₹25,000 प्रतिमाह करना, वर्षों से सेवाएं दे रहे सभी अस्थाई कर्मचारियों को नियमित (परमानेंट) करना और प्रत्येक माह समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित करना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके कारण उन्हें हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस बीच हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों का भी समर्थन मिलना शुरू हो गया है।
धरना स्थल पर पहुंचकर नगर पालिका उपाध्यक्ष पप्पू असोलिया सहित कांग्रेस पार्टी के जिला एवं शहर स्तरीय पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से बातचीत की और उनके आंदोलन को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
इस दौरान धार जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष डॉ. हेमंत कुमार हिरोले, शहर कांग्रेस अध्यक्ष , महेश पथरिया, भारत रघुवंशी और मोनिका सोलंकी सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहेl
कांग्रेस पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में दिन-रात योगदान देने वाले सफाई कामगारों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, वे कर्मचारियों के हक की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगेl
