( संवाददाता प्रफुल्ल तंवर )
एनटीवी टाइम न्यूज पीथमपुर/ औद्योगिक नगर पीथमपुर स्थित प्रसिद्ध प्रतिष्ठान ‘विकास स्वीट्स’ से खरीदी गई मिठाई खाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता महेश बैरागी और उनके साथियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायत होने पर बैरागी को उपचार के लिए इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद महेश बैरागी ने जिला कलेक्टर और खाद्य विभाग में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। भाजपा नेता महेश बैरागी ने बताया कि वे अक्सर विकास स्वीट्स से भोजन और मिठाई मंगवाते रहे हैं।
बीते दिन एक मित्र के जन्मदिन के अवसर पर दुकान से मिठाई मंगवाई गई थी। मिठाई खाते ही उसमें से अजीब तरह की बदबू आ रही थी। मिठाई का सेवन करने वाले अन्य साथियों ने भी पेट दर्द और उल्टी की शिकायत की। रात करीब 9 बजे तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर से उपचार लिया गया। बैरागी ने रात में ही खाद्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो सका।
सुबह शिकायत का संज्ञान लेते हुए धार जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष खेडेकर और नगर पालिका के स्वास्थ्य निरीक्षक रूपेश सूर्या की संयुक्त टीम जांच हेतु विकास स्वीट्स पहुंची। जांच टीम ने दुकान, किचन और रेस्टोरेंट परिसर का गहन निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मिठाइयां पुरानी और बासी पाए जाने पर टीम ने क्रीम बर्फी, मिल्क केक और मावा रोल के तीन मुख्य सैंपल सील किए और साथ ही नमकीन के भी सैंपल एकत्र किए।
इसके अलावा अधिकारियों ने दुकान के एफएसएसएआई रजिस्ट्रेशन और गुमाश्ता लाइसेंस की भी वैधानिक जांच की। जांच के दौरान महेश बैरागी ने आरोप लगाया कि खाद्य विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही दुकानदार ने दूषित मिठाइयों की ट्रे काउंटर से हटा दी थीं। उन्होंने मांग की है कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए पीथमपुर नगरपालिका क्षेत्र की सभी मिठाई और खाद्य दुकानों की जांच की जाए ताकि जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएl
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष खेडेकर के अनुसार, शिकायत के आधार पर विकास स्वीट्स से मिठाइयों और नमकीन के सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के सीजन में मिलावट रोकने के लिए यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
वहीं दूसरी ओर पूरे मामले और दूषित मिठाई के आरोपों पर विकास स्वीट्स के मालिक अशोक पाटीदार ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया वही मैनेजर द्वारा पूरे मामले विभाग की जांच रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ होना बताया गया
