Home मध्य प्रदेश सीधी : भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, कार के कांच तोड़े, मामला...

सीधी : भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, कार के कांच तोड़े, मामला दर्ज

सीधी जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परासी में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां भाजपा नेता युवा मंडल मड़वास अध्यक्ष लाला गर्ग पर जानलेवा हमला किया गया। हमले के वक्त लाला गर्ग सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। तभी गांव के ही चार दबंग अंकुर, आलोक, दीपक और सुनील मिश्रा ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर हमला कर दिया।

पीड़ित लाला गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी पत्नी गांव की सरपंच हैं और वे उनके साथ निर्माण कार्य में सहयोग कर रहे थे। शाम करीब 4 बजे से सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ किया गया था, जो रात 9 बजे तक चलना था। इस दौरान जब वह अपनी बलेनो कार में बैठे हुए थे, तभी चारों आरोपी वहां पहुंचे और पहले मजदूरों को काम बंद करने के लिए कहा।

जब श्रमिकों ने काम बंद नहीं किया, तो आरोपी उनके पास आकर गाली-गलौच करने लगे और जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बाद हमलावरों ने पत्थरों से उनकी कार पर हमला कर दिया, जिससे वाहन के पीछे और साइड के शीशे चकनाचूर हो गए। हल्ला सुनकर जब मजदूर दौड़े तो हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद लाला गर्ग अपने मजदूरों और मिस्त्री के साथ रात 11 बजे मड़वास थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

थाना प्रभारी केदार परौहा ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट में गाली-गलौच, धमकी और कार क्षतिग्रस्त करने का उल्लेख है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है और जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version